Punjab Kesari MP ads

दतिया में ट्रैक्टर-बाइक की जोरदार भिड़ंत, बाइक सवार युवक गंभीर, ग्वालियर रेफर

Wednesday, Sep 30, 2026-11:48 PM (IST)

दतिया: मध्य प्रदेश के दतिया में बुधवार शाम झांसी बायपास रोड पर एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सीतासागर तालाब के नजदीक ट्रैक्टर और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक ट्रैक्टर के नीचे जा फंसी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जबकि ट्रैक्टर चालक वाहन को वहीं छोड़कर फरार हो गया।

घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक गौंड़ बाबा कॉलोनी निवासी अमर पुत्र राकेश प्रजापति (28) बुधवार शाम अपने घर से निजी काम के सिलसिले में बस स्टैंड की ओर बाइक से निकला था। वह सीतासागर तालाब के पास पहुंचा ही था, तभी सामने से आ रहे ट्रैक्टर से उसकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर के बाद अमर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी बाइक ट्रैक्टर के नीचे फंस गई। आसपास मौजूद राहगीरों ने तत्काल घायल युवक को बाहर निकाला और उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसकी हालत को गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर कर दिया।

हादसे के बाद मौके से गायब हुआ चालक

दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक घटनास्थल पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस अब वाहन चालक की पहचान और तलाश में जुटी है।

पुलिस के अनुसार हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। घटनास्थल और आसपास मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल घायल युवक का उपचार ग्वालियर में जारी है और पुलिस फरार चालक के संबंध में जानकारी जुटा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News