कार-ट्रैक्टर की भीषण टक्कर, पुलिसकर्मी समेत दो की मौत, पुलिस महकमे में शोक
Saturday, Oct 10, 2026-06:16 PM (IST)
रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के खरोरा थाना क्षेत्र में बीती रात बंगोली के समीप कार और ट्रैक्टर के बीच हुई भीषण टक्कर में एक पुलिसकर्मी सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान कमलेश वर्मा और रूपेश निषाद के रूप में हुई है। कमलेश वर्मा सिलतरा थाने में पदस्थ थे। कमलेश की अचानक मौत की खबर से महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।
दोनों मृतक और घायल युवक गोपी तरर गांव के निवासी थे। बताया गया है कि कमलेश वर्मा, रूपेश निषाद और गोपी कार से खरोरा से रायपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बंगोली के पास उनकी कार की ट्रैक्टर से जोरदार भिड़ंत हो गई। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि कमलेश वर्मा और रूपेश निषाद की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि गोपी गंभीर रूप से घायल होकर क्षतिग्रस्त कार में फंस गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। अजय देवांगन, ललित साहू और अजय वर्मा ने कार में फंसे घायल गोपी को बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद उसे उपचार के लिए दौंदेकला स्थित लक्ष्मीनारायण अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
इधर, दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। खरोरा थाना पुलिस हादसे की परिस्थितियों और कारणों की जांच कर रही है। इसके साथ ही फरार ट्रैक्टर चालक का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

