मोदी की गारंटी के नाम पर लुभावने वादे कर सत्ता में आई भाजपा, एक भी वादा पूरा न कर पाई, सरकार पर जमकर बरसे प्रदेश अध्यक्ष

Monday, Jan 26, 2026-04:24 PM (IST)

रायपुर (पुष्पेंद्र सिंह) : छत्तीसगढ़ के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रदेशवासियों और कांग्रेसजनों को 77वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी का दिन पूरे देश के लिए गौरव का प्रतीक है। इसी दिन भारत ने अपने संविधान को लागू कर नागरिकों को समता, न्याय और स्वतंत्रता का अधिकार दिया। भारत का संविधान दुनिया का सबसे बड़ा लिखित संविधान है, जो अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों की भी स्पष्ट व्याख्या करता है। बैज ने कहा कि संविधान केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की मजबूत नींव है, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज इसी संविधान पर लगातार हमले किए जा रहे हैं। संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने और जनता की आवाज दबाने के प्रयास हो रहे हैं।

PunjabKesari

भाजपा सरकार पर तीखा हमला

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार पिछले दो वर्षों में पूरी तरह अलोकप्रिय साबित हुई है। 2023 विधानसभा चुनाव में “मोदी की गारंटी” के नाम पर किए गए वादों में से एक भी वादा पूरा नहीं किया गया।

उन्होंने कहा कि—

  • कांग्रेस सरकार ने 16.80 लाख किसानों का 6100 करोड़ का कर्ज माफ किया था, जबकि भाजपा सरकार किसानों को संकट में डाल रही है।
  • कांग्रेस शासन में धान की खरीदी 2500 से 2870 रुपये प्रति क्विंटल तक की गई, जबकि भाजपा सरकार ने केवल 2369 रुपये में खरीदी कर किसानों को नुकसान पहुंचाया।
  • धान खरीदी केंद्रों में अव्यवस्था, भुगतान में देरी और लाखों क्विंटल धान के सड़ने की घटनाएं सरकार की विफलता का प्रमाण हैं।

महिलाएं, युवा और कर्मचारी उपेक्षित

दीपक बैज ने कहा कि भाजपा ने 1.25 करोड़ विवाहित महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ देने का वादा किया था, लेकिन आज आधी महिलाएं भी इस योजना से वंचित हैं।
1 लाख सरकारी नौकरियों का वादा करने वाली भाजपा सरकार के कार्यकाल में युवा बेरोजगारी भत्ते के लिए भी भटक रहे हैं। 57 हजार शिक्षक पद, 4.5 लाख अनियमित कर्मचारियों का नियमितीकरण—सब कुछ केवल कागजों तक सीमित है।

बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य पर संकट

उन्होंने कहा कि—

  • बिजली दरों में बेतहाशा वृद्धि और 400 यूनिट हाफ बिजली योजना बंद कर आम जनता को आर्थिक संकट में डाला गया।
  • आत्मानंद स्कूलों को कमजोर कर 10,463 स्कूल बंद कर दिए गए।
  • सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाएं चरमरा चुकी हैं और गरीबों को इलाज के लिए भटकना पड़ रहा है।

PunjabKesari

कानून व्यवस्था और संसाधनों की लूट

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राज्य की कानून व्यवस्था बदहाल हो चुकी है। राजधानी रायपुर तक में अपराध बढ़े हैं। जल-जंगल-जमीन को उद्योगपति मित्रों के हवाले किया जा रहा है—हसदेव, तमनार और बैलाडीला इसके उदाहरण हैं।

मनरेगा और लोकतंत्र पर खतरा

दीपक बैज ने कहा कि मोदी सरकार मनरेगा जैसी रोजगार गारंटी योजना को खत्म करने की साजिश कर रही है। यह गरीबों से काम का अधिकार छीनने का प्रयास है। कांग्रेस पार्टी पूरे देश और छत्तीसगढ़ में मनरेगा बचाओ संग्राम” के तहत लगातार आंदोलन कर रही है।

कांग्रेस का संकल्प

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक जिम्मेदार विपक्ष के रूप में सड़क से सदन तक जनता की आवाज उठाती रहेगी। छत्तीसगढ़ और देश में लोकतंत्र, संविधान और जनहित की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा। जय भारत, जय छत्तीसगढ़, जय हिं


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News