पितृ मोक्ष अमावस्या पर मातंगेश्वर महादेव मंदिर में लगा भक्तों का तांता, हर हर महादेव के जयकारों से माहौल हुआ गुंजायमान
Sunday, Sep 25, 2022-01:32 PM (IST)

छतरपुर(राजेश चौरसिया): पितृ मोक्ष अमावस्या के दिन विश्व पर्यटन स्थल खजुराहो के प्रसिद्ध मातंगेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जहां महादेव दर्शन के लिये लोगों को लंबी कतारों में लगना और भीड़ का सामना करना पड़ा और लंबे इंतजार के बाद बमुश्किल दर्शन मिल सके।
बता दें कि आज यहां सुबह से ही शिव सागर तालाब में लोगों ने स्नान कर पितरों का तर्पण किया और फिर सरोवर का जल कलश/लोटे में लेकर मतंगेश्वर महादेव मंदिर में पहुंचकर जल अर्पित किया। इस दौरान लोगों में दर्शन करने की होड़ देखी गई। यहां लंबी-लंबी कतारों में पुरुष व महिलाएं अपनी बारी का इंतजार करते हुए नजर आए तो वहीं बम-बम महादेव एवं मतंगेश्वर महादेव के जयकारों के साथ माहौल में गुंजायमान होता रहा।