सिंधिया के ‘प्याज जेब में रखो’ बयान पर दिग्विजय ने कसा तंज, बोले- AC कार छोड़िए महाराज, जनता आपको समझ रही है
Tuesday, Apr 28, 2026-07:24 PM (IST)
भोपाल: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने हाल ही में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के एक बयान को लेकर तीखा हमला बोला है। यह विवाद उस वक्त शुरू हुआ जब सिंधिया ने गर्मी से बचने के लिए एक अनोखी सलाह दी। सिंधिया ने कहा था कि तेज गर्मी में शरीर का तापमान नियंत्रित रखने के लिए जेब में प्याज रखना फायदेमंद हो सकता है। उनका यह बयान सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और चर्चा का विषय बन गया।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर सिंधिया पर निशाना साधा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ‘मध्यप्रदेश और देश की भोली-भाली जनता’ अब इस तरह के बयानों को समझ रही है। उन्होंने यह भी इशारा किया कि इस तरह के बयान भविष्य की राजनीति को प्रभावित कर सकते हैं।
यह मामला अब सिर्फ एक टिप तक सीमित नहीं रहा, बल्कि राजनीतिक टकराव का रूप ले चुका है। कांग्रेस ने इसे जनता से जुड़े असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश बताया है, जबकि भाजपा की ओर से इसे सामान्य स्वास्थ्य सलाह के रूप में पेश किया जा रहा है।
‘प्याज’ से जुड़ा विज्ञान क्या कहता है?
विशेषज्ञों के मुताबिक, प्याज में कुछ ऐसे तत्व होते हैं जो शरीर को ठंडक पहुंचाने में मदद कर सकते हैं, लेकिन इसे जेब में रखने से शरीर के तापमान पर सीधा असर पड़ता है। इसका कोई ठोस वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। डॉक्टरों का कहना है कि गर्मी से बचने के लिए पर्याप्त पानी पीना और हल्का भोजन करना ज्यादा जरूरी है।
सोशल मीडिया पर बवाल
सिंधिया का बयान जैसे ही वायरल हुआ, सोशल मीडिया पर लोगों ने तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देना शुरू कर दीं। किसी ने इसे मजाक बताया तो किसी ने इसे गंभीर सलाह मानने से इनकार किया।

