पूर्व नेता प्रतिपक्ष की अपनी ही पार्टी को दी नसीहत से अंदरुनी कलह उजागर,कहा-टिकट को लेकर किसी को सपने मत दिखाओ
Saturday, May 09, 2026-04:42 PM (IST)
(भोपाल): कांग्रेस के कद्दावर नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल अक्सर अपने बेबाक और खास बयानों के लिए जाने जाते हैं औऱ ऐसे ही बयानों से वो चर्चा में रहते हैं। अब उनका एक और बयान चर्चा में आ गया है जो पार्टी की अंदर की खींचतान को उजागर कर रहा है। इस बार अजय सिंह ने अपनी ही पार्टी को नसीहत देते हुए कहा है कि टिकट का लालच देकर नेताओं की महत्वाकांक्षा जागृत मत करो। अजय सिंह ने कहा कि हम लोगों में और खास कर कांग्रेस पार्टी में एक दिक्कत है कि हम लोग बहुत लोगों की महत्वकांक्षाओं को जागृत कर देते है। जिससे फिर दिक्कत आ जाती है।
पार्टी में गुटबाजी और खींचतान पर अजय सिंह के बेबाक बोल
पार्टी में गुटबाजी और अंदरुनी खींचतान पर ऐसी बात बोलकर अजय सिंह कांग्रेस नेताओं को नसीहत देते हुए सवाल खड़े करते दिखे। दरअसल बालाघाट में आयोजित एक कार्यक्रम में अजय सिंह ने भरे मंच से ऐसे शब्द बोले कि जो काफी वायरल हो रहे हैं। पार्टी में क्या चला है इस बयान से ये भी पता चलता है।
अजय सिंह से मंच से बोलते हुए कहा कि हम लोगों में और खास कर कांग्रेस पार्टी में एक दिक्कत है, हम बहुत लोगों की महत्वकांक्षाओं को जागृत कर देते हैं और टिकट को लेकर कइयों को आश्वसन देते रहते हैं। इस तरह से अंदर के सपनों को जागृत कर देते हैं। जिसका परिणाम यह होता है कि हर विधासभा में चुनाव तक दर्जनभर प्रत्याशी हो जाते है। लेकिन फिर टिकट सिर्फ एक ही नेता को मिलता है और जिसे टिकट नहीं मिलता वह अपने तरीके से काम करना शुरु कर देते हैं। इसलिए किसी की महत्वाकांक्षा जागृत मत करो।
हम अपने ही चेले को अच्छे से समझाते नहीं है-अजय सिंह
इसके साथ ही अजय सिंह राहुल ने एक और अहम बात भी बोली। कहा कि हम अपने ही चेले को अच्छे से समझाते नहीं है, हमारे नीचे काम करने वाले है, उन्हीं में मन मुटाव होता है, इसलिए उस दिक्कत को दूर करने का प्रयास करना चाहिए । फिलहाल अजय सिंह की नसीहत काफी कुछ बयान कर रही है।

