Punjab Kesari MP ads

ईद से पहले मुस्लिम युवक ने छोड़ा इस्लाम, गुड़ी पड़वा पर अपनाया सनातन धर्म

Thursday, Mar 19, 2026-05:15 PM (IST)

खंडवा: मध्यप्रदेश के खंडवा से एक अनोखी और चर्चा में रहने वाली खबर सामने आई है। यहां हिंदू नव वर्ष (गुड़ी पड़वा) के पावन अवसर पर एक मुस्लिम युवक ने सनातन धर्म को अपनाकर अपनी नई पहचान बनाई है। याकूब खान ने विधि-विधान और वैदिक परंपरा के साथ घर वापसी करते हुए अपना नाम बदलकर ‘कृष्णा’ रख लिया।

याकूब खान, जो पेशे से नगर निगम में डोर-टू-डोर कचरा वाहन चालक हैं, लंबे समय से हिंदू रीति-रिवाजों और संस्कृति से प्रभावित थे। उनका कहना है कि उन्हें हिंदू त्योहार, परंपराएं और विशेष रूप से नारी सम्मान की भावना बेहद आकर्षित करती है। इसी कारण उन्होंने सनातन धर्म अपनाने का निर्णय लिया।

यह पूरा धार्मिक अनुष्ठान खंडवा के प्रसिद्ध महादेवगढ़ मंदिर में संपन्न हुआ। यहां पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन कराया, पवित्र जल से स्नान कराकर उन्हें सनातन परंपरा में शामिल किया गया। इस अवसर पर कृष्णा बने याकूब खान ने भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद भी प्राप्त किया।

याकूब का कहना है कि वह लंबे समय से सनातन धर्म को अपनाने की इच्छा रखते थे और आखिरकार हिंदू नव वर्ष के शुभ अवसर पर उन्होंने यह कदम उठाया। उनका यह भी कहना है कि यह निर्णय उनके जीवन का सबसे महत्वपूर्ण फैसला है।

गौरतलब है कि महादेवगढ़ मंदिर में पहले भी कई लोग सनातन धर्म में घर वापसी कर चुके हैं। मंदिर संचालक के अनुसार, यहां समय-समय पर लोग वैदिक रीति से धर्म परिवर्तन कर सनातन परंपरा को अपनाते रहे हैं। यह घटना एक बार फिर खंडवा को सुर्खियों में ले आई है, जहां धर्म, आस्था और व्यक्तिगत आस्था के आधार पर लिए गए ऐसे फैसले समाज में चर्चा का विषय बनते जा रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News