नकली नोटों की फैक्ट्री का भंडाफोड़! घर से मिली बड़ी खेप…जांच में ऐसा खुलासा कि पुलिस भी चौंक गई
Friday, Dec 05, 2025-05:26 PM (IST)
नीमच। (मूलचंद खींची): मंदसौर के बाद अब नीमच में भी नकली नोटों का जाल फैलाने की कोशिशें सामने आई हैं। पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए 500 रुपये के नकली नोटों की 50 हजार रुपये की खेप जब्त की है। यह कार्रवाई थाना प्रभारी नीमच सिटी निरीक्षक पुष्पा सिंह चौहान के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी फरार बताया जा रहा है।
पुलिस को 4 दिसंबर 2025 को उपनिरीक्षक लक्ष्मण सिंह राठौड़ के माध्यम से मुखबिर से सूचना मिली थी। मुखबिर ने बताया था कि सरजना निवासी ईश्वर खारोल नकली नोट छापकर बाजार में चलाने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत नाकाबंदी कर दबिश दी और आरोपी ईश्वर पिता वर्दीचंद्र खारोल, निवासी ग्राम सरजना को पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 50 हजार रुपये के 500 के फर्जी नोट बरामद हुए। पुलिस पूछताछ में आरोपी ईश्वर खारोल ने खुलासा किया कि वह अपने साथी सुनील पिता श्यामदास बैरागी, निवासी सरजना के साथ मिलकर घर पर ही नकली नोट छाप रहा था। दोनों मिलकर इन नोटों को बाजार में चलाने की योजना बना रहे थे।
फिलहाल पुलिस ने मुख्य आरोपी ईश्वर खारोल को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके साथी सुनील बैरागी की तलाश जारी है। सायबर सेल और पुलिस की संयुक्त टीम इस गिरोह के संभावित नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भी गहनता से जांच कर रही है।

