Punjab Kesari MP ads

किसान ने सिंधिया से कहा- ‘महाराज, माला पहनाते-पहनाते जिंदगी बीत गई, लेकिन खाद नहीं मिली

Thursday, Sep 17, 2026-03:59 PM (IST)

गुना (मिसबाह नूर): केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने संसदीय क्षेत्र के चार दिवसीय दौरे पर गुना पहुंचे। इस दौरान उन्होंने गुना के सर्किट हाउस में आमजन और किसानों की समस्याएं सुनीं। पगारा और आसपास के गांवों से पहुंचे किसानों ने सिंधिया के सामने खाद की समस्या को लेकर अपनी परेशानी रखी।

किसानों ने शिकायत करते हुए बताया कि खाद के लिए ऑनलाइन व्यवस्था में परेशानी आ रही है। किसानों का आरोप है कि ऑनलाइन साइट में गड़बड़ी के चलते टोकन पहले ही बुक बताए जा रहे हैं, जिसके कारण उन्हें खाद के लिए लगातार भटकना पड़ रहा है।

इसी दौरान एक किसान ने अपनी परेशानी कुछ अलग अंदाज में सिंधिया के सामने रखी। किसान ने कहा, महाराज, माला पहनाते-पहनाते जिंदगी बीत गई, लेकिन आज तक समय पर खाद नहीं मिल पाई। किसान की इस बात से मौके पर मौजूद अधिकारी भी चौंक गए।

PunjabKesariकिसानों की समस्या सुनने के बाद सिंधिया ने मौके पर मौजूद कलेक्टर को निर्देश दिए कि सभी किसानों के नाम और मोबाइल नंबर दर्ज किए जाएं। कलेक्टर ने जब सामान्य तौर पर “ठीक है” कहा, तो सिंधिया ने सख्त लहजे में कहा कि सिर्फ “ठीक है” कहने से काम नहीं चलेगा। उन्होंने पेन और पैड निकालकर किसानों के नाम और मोबाइल नंबर नोट करने के निर्देश दिए।

सिंधिया ने कहा कि आप मेरे साथ ड्यूटी पर हैं। मैं हर एक बात और व्यवस्था को खुद मॉनिटर करता हूं, तो आपको भी उसी तरह निगरानी करनी होगी। केंद्रीय मंत्री के निर्देश के बाद कलेक्टर ने तत्काल पेन-पैड मंगवाया और किसानों के नाम व मोबाइल नंबर दर्ज किए।

इसके बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया जिला अस्पताल पहुंचे, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित मेगा रक्तदान शिविर में उन्होंने हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया और रक्तदान को मानव जीवन बचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। केंद्रीय मंत्री के दौरे के दौरान किसानों की खाद संबंधी शिकायत और उस पर प्रशासन को दिए गए तत्काल निर्देश चर्चा में रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News