कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त BJP के दिग्गज नेता को नम आंखों से अंतिम विदाई, श्रद्धांजलि देते भावुक दिखे बड़े नेता
Wednesday, May 27, 2026-02:08 PM (IST)
रायपुर/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति और सामाजिक जीवन से जुड़ी एक दुखद खबर ने प्रदेश को शोक में डुबो दिया। छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष और राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त वरिष्ठ भाजपा नेता रूपनारायण सिन्हा का कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया। उनके अचानक निधन से भाजपा संगठन, सामाजिक कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच गहरा शोक देखा गया।
बताया जा रहा है कि वे बिलासपुर के तिफरा में आयोजित भाजपा के दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 में बतौर प्रभारी शामिल हुए थे। कार्यक्रम के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। तत्काल उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रूपनारायण सिन्हा लंबे समय से भाजपा संगठन के सक्रिय और समर्पित चेहरे रहे। संगठनात्मक जिम्मेदारियों के साथ उन्होंने योग और सामाजिक क्षेत्र में भी लगातार सक्रिय भूमिका निभाई। पार्टी के भीतर उन्हें एक शांत, अनुशासित और कार्यकर्ता-केंद्रित नेता के रूप में देखा जाता था।
उनके निधन की खबर सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई। रायपुर स्थित उनके निवास पर अंतिम दर्शन के लिए नेताओं, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों का तांता लगा रहा। विजय शर्मा, केदार कश्यप और पुरंदर मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि अंतिम विदाई में शामिल हुए। वरिष्ठ नेताओं ने उनके निधन को भाजपा संगठन और सार्वजनिक जीवन के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है। रायपुर में पूरे सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।

