खंडवा नवचंडी मेले में आग का तांडव! तीन दुकानें जलकर खाक, मचा हड़कंप
Friday, Mar 20, 2026-01:20 PM (IST)
खंडवा (मुश्ताक मंसूरी): खंडवा जिले के मोगट थाना क्षेत्र की रामेश्वर चौकी अंतर्गत नवचंडी मेले में शुक्रवार सुबह करीब 9:50 बजे अचानक आग लगने की घटना सामने आई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मेले में लगी तीन दुकानों में आग भड़क उठी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि दुकानों में मौजूद सभी लोग समय रहते बाहर निकल आए, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
आग लगते ही आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके के लिए रवाना हो गई और आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं।
बताया जा रहा है कि जिन दुकानों में आग लगी, उनमें रखा सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। हालांकि मेले के समापन के नजदीक होने के कारण कई दुकानों में सामान कम था और आसपास की कुछ दुकानें पहले से खाली थीं, जिससे नुकसान सीमित रहा। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

