Punjab Kesari MP ads

अमेजन की रिफंड पॉलिसी में सेंध लगाकर लाखों की ठगी! पुलिस ने 12 ठगों के गिरोह का भंडाफोड़ किया, 2 आरोपी गिरफ्तार

Friday, Sep 04, 2026-05:22 PM (IST)

गुना (मिसबाह नूर): ऑनलाइन शॉपिंग के दौर में ठगी का एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। शातिर दिमाग ठगों ने ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म अमेजन की रिफंड पॉलिसी में सेंध लगाकर बिना एक भी रुपया खर्च किए लाखों रुपये के महंगे स्मार्टफोन ऐंठ लिए। वे रिफंड के पैसे बैंक खाते में वापस भी ले लेते थे और कूरियर वालों से साठगांठ कर फोन का पार्सल भी हड़प लेते थे। गुना की कैंट थाना पुलिस ने इस गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लिया है।

ठगों का यह गिरोह फर्जी नामों और सिम कार्डों के जरिए अमेजन पर नए अकाउंट बनाता था। जब भी कोई अकाउंट संदिग्ध मानकर ब्लॉक होता, तो एक टेलीकॉम कंपनी के कर्मचारी की मदद से तुरंत नए सिम और ओटीपी हासिल कर नया फर्जी अकाउंट तैयार कर लिया जाता था। ठगी का यह तरीका बेहद हैरान करने वाला सामने आया है। सबसे पहले आरोपी फर्जी अमेजन अकाउंट से महंगे स्मार्टफोन ऑनलाइन प्री-पेड ऑर्डर करते थे। इसके बाद डिलीवरी आने पर आरोपी बहाना बनाकर पार्सल होल्ड पर रखवा देते थे। अंत में आरोपी अमेजन की पॉलिसी का फायदा उठाकर बैंक खाते में पूरा पैसा रिफंड करा लेते थे।

शातिर आरोपी रिफंड मिलते ही कूरियर वालों से सेटिंग कर वही पार्सल अपने कब्जे में ले लेते थे। इस तरह मुफ्त में हाथ आए ब्रांडेड मोबाइलों को आरोपी दुकानदारों और जान-पहचान वालों को बाजार से कम कीमत पर बेच रहे थे। पुलिस ने इस गिरोह के मुख्य सरगना समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से 35 लाख रुपये की ईवी कार और 2 लाख रुपये के दो मोबाइल बरामद किए गए हैं। नेटवर्क में शामिल अन्य 12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News