Punjab Kesari MP ads

फरार आरोपी को भीम आर्मी का संभागीय संयोजक बनाया, लोगों का फूटा गुस्सा

Tuesday, May 19, 2026-01:38 PM (IST)

भिण्ड: मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में सांप के साथ क्रूरता के मामले में फरार आरोपी देशराज धारिया को भीम आर्मी द्वारा चंबल संभाग का संयोजक नियुक्त किए जाने पर विवाद खड़ा हो गया है। वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज होने के बाद से वन विभाग उसकी तलाश कर रहा है। आरोपी को संगठन में अहम जिम्मेदारी दिए जाने पर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। पुलिस एवं वन विभाग सूत्रों के अनुसार कुछ दिन पहले जिले के सोनेलाल का पुरा गांव में देशराज धारिया का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में वह सांप के एक बच्चे को पैरों से कुचलते और घायल अवस्था में उल्टा लटकाकर प्रदर्शन करते दिखाई दिया था। आरोप है कि इस दौरान उसने एक समाज विशेष को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां भी की थीं।

वीडियो सामने आने के बाद अटेर रेंज के वन अमले ने उसके खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था। मामला दर्ज होने के बाद से वन विभाग की टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। सोनेलाल का पुरा स्थित उसके निवास पर भी कई बार तलाशी ली गई, लेकिन वह अब तक पकड़ में नहीं आया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वन्यजीव क्रूरता जैसे गंभीर आरोपों का सामना कर रहे व्यक्ति को संगठन में जिम्मेदार पद दिया जाना समाज में गलत संदेश देता है।

हाल ही में एक सरपंच पति अवधेश पर हुए हमले के बाद भीम आर्मी के पदाधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने घायल को भर्ती कराकर उसकी स्थिति पर सोशल मीडिया पर प्रसारण भी किया था। इसके अगले दिन आयोजित रक्तदान शिविर में नव नियुक्त संयोजक देशराज धारिया भी शामिल हुआ और उसने रक्तदान किया। सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होने के बावजूद उसकी गिरफ्तारी नहीं होने से सवाल उठ रहे हैं। फरार आरोपी के खुलेआम घूमने और नया पद मिलने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पूरे घटनाक्रम पर भिण्ड कलेक्टर किरोड़ी लाल मीणा ने संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कारर्वाई के निर्देश दिए हैं। वहीं वन विभाग की रेंजर कृतिका शुक्ला ने कहा कि आरोपी की लगातार तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर जेल भेजने की कारर्वाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News