Punjab Kesari MP ads

शादी के बाद बाथरूम जाने का कहकर दुल्हन फरार, इंतजार करता रह गया पति

Sunday, May 17, 2026-03:22 PM (IST)

शाजापुर: मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले के मोहन बड़ोदिया से सामने आई इस घटना ने हर किसी को हैरान कर दिया। शादी की खुशियां अभी घर से गई भी नहीं थीं कि दूल्हे की जिंदगी में ऐसा मोड़ आ गया, जिसकी उसने कभी कल्पना भी नहीं की थी। डुंगरी गांव के रहने वाले रामनिवास ने तीन दिन पहले ही महाराष्ट्र की रहने वाली नंदनी से कोर्ट मैरिज की थी। परिवार नए रिश्ते की शुरुआत को लेकर बेहद खुश था, लेकिन बाबा बैजनाथ मंदिर की यात्रा उनके लिए सदमे में बदल गई।

बाथरूम जा रही हूं…” कहकर हुई गायब

15 मई को रामनिवास अपनी पत्नी नंदनी और छोटे भाई जगदीश के साथ आगर-मालवा के प्रसिद्ध बाबा बैजनाथ मंदिर दर्शन करने पहुंचा था। मंदिर परिसर में सब कुछ सामान्य था। इसी बीच नंदनी ने पति से कहा कि वह बाथरूम जा रही है। रामनिवास मंदिर के बाहर उसका इंतजार करता रहा, लेकिन मिनटों का इंतजार घंटों में बदल गया और दुल्हन वापस नहीं लौटी। पति और उसके भाई ने मंदिर परिसर से लेकर आसपास के इलाकों तक हर जगह तलाश की, लेकिन नंदनी का कोई सुराग नहीं मिला। नई नवेली दुल्हन के अचानक गायब होने से परिवार में हड़कंप मच गया।

शादी के बदले लिए गए थे 1.10 लाख रुपए

पीड़ित रामनिवास का आरोप है कि यह पूरा मामला सुनियोजित ठगी हो सकता है। उसने बताया कि मोहना निवासी भूरा भाई नाम के बिचौलिए ने यह रिश्ता तय करवाया था, जिसके बदले उससे 1 लाख 10 हजार रुपए लिए गए थे। अब पत्नी के अचानक गायब होने के बाद उसे शक है कि वह किसी “लुटेरी दुल्हन गिरोह” का शिकार बन गया है।

CCTV खंगाल रही पुलिस

मामले की शिकायत आगर और मोहन बड़ोदिया थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस अब बाबा बैजनाथ मंदिर परिसर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही बिचौलिए भूरा भाई की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिला अकेले गई या किसी के साथ फरार हुई। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। लोग अब शादी के नाम पर होने वाली ऐसी ठगी को लेकर सवाल उठा रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News