कांग्रेस भवन में बड़ी चोरी, फर्श पर लिखा ‘I Love You’ और फरार हुए चोर
Friday, May 15, 2026-06:01 PM (IST)
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में स्थित कांग्रेस के जिला कार्यालय राजीव भवन में चोरों ने एक बार फिर सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। बीती रात अज्ञात चोर कांग्रेस भवन में घुस गए और भवन में लगे 73 नलों की टोटियां चोरी कर फरार हो गए। चोरी गई टोटियों की कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है। हैरानी की बात यह रही कि चोर जाते-जाते फर्श पर ‘I Love You’ लिखकर चले गए।
जानकारी के मुताबिक, कलेक्ट्रेट चौक के पास स्थित राजीव भवन को शहर का सुरक्षित इलाका माना जाता है, लेकिन इसके बावजूद चोर आसानी से भवन के अंदर घुस गए। सुबह जब कांग्रेस कार्यकर्ता कार्यालय पहुंचे तो बाथरूमों से सभी टोटियां गायब मिलीं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि पिछले दो वर्षों में राजीव भवन में चोरी की यह तीसरी घटना है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक मौके पर पहुंचे और घटना का जायजा लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में सक्रिय नशेड़ी और असामाजिक तत्व लगातार ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि चोरों का फर्श पर संदेश लिखकर जाना सीधे तौर पर कानून व्यवस्था को चुनौती देना है।
मामले की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। आशंका जताई जा रही है कि चोर पीछे के रास्ते से बाउंड्री पार कर कांग्रेस भवन में दाखिल हुए। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

