Punjab Kesari MP ads

BJP नेत्री ने भाई की शादी में जमकर की फायरिंग, ‘धुरंधर’ गाने पर बनाई रील

Monday, May 11, 2026-05:29 PM (IST)

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक शादी समारोह के दौरान खुलेआम हर्ष फायरिंग का मामला सामने आने के बाद सियासत गरमा गई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में भाजपा नेत्री और मंडी सदस्य मोनिका सिंह के परिवार से जुड़े लोग हथियारों के साथ नजर आ रहे हैं। वीडियो में महिलाएं, युवतियां और बच्चे तक बंदूक और पिस्टल से फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं।

बताया जा रहा है कि यह वीडियो मोनिका सिंह के भाई प्रतीक सिंह की शादी का है। शादी समारोह में डीजे और फिल्मी गानों के बीच हथियारों का प्रदर्शन किया गया। इतना ही नहीं, “धुरंधर” फिल्म के गाने पर रील बनाकर वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट भी किया गया, जिसके बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया।

वायरल वीडियो में मोनिका सिंह के पति ऋतुपर्ण सिंह भी नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि वे बिलासपुर में चतुर्थ श्रेणी के शासकीय कर्मचारी हैं। समारोह में जिस तरह से खुलेआम फायरिंग हुई, उसने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सूत्रों के मुताबिक, ऋतुपर्ण सिंह भाजपा नेता सौरभ सिंह के करीबी बताए जाते हैं। उन पर पहले भी शादी समारोहों में हर्ष फायरिंग करने के आरोप लग चुके हैं। हालांकि, इस मामले में अब तक किसी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

इधर, वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है और रसूखदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो रही। पार्टी ने सरकार से सख्त कदम उठाने की मांग की है।

वहीं रायपुर पुलिस का कहना है कि अब तक इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है। हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि जिन हथियारों से फायरिंग की गई, वे लाइसेंसी थे या नहीं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News