Punjab Kesari MP ads

MP निकाय चुनाव में BJP का बड़ा दांव! अब सोशल मीडिया की ताकत दिलाएगी टिकट, कई दिग्गजों का कट सकता है पत्ता

Saturday, May 09, 2026-01:42 PM (IST)

भोपाल: मध्यप्रदेश की राजनीति में निकाय चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी इस बार केवल चेहरे नहीं, बल्कि पूरी चुनावी संस्कृति बदलने की तैयारी में दिखाई दे रही है। वर्षों से चली आ रही परंपरागत टिकट वितरण व्यवस्था से हटकर भाजपा अब संगठन में नई पीढ़ी को आगे लाने की रणनीति पर काम कर रही है। पार्टी का फोकस साफ है—युवा, सक्रिय और जनता के बीच प्रभाव रखने वाले नेताओं को मौका देना, ताकि शहरी राजनीति में ताजगी और नई ऊर्जा लाई जा सके।

भाजपा ने 2027 में प्रस्तावित नगरीय निकाय चुनावों की तैयारी अभी से शुरू कर दी है। आमतौर पर चुनावों के ठीक पहले उम्मीदवारों के नामों पर मंथन करने वाली पार्टी इस बार लगभग एक साल पहले से संभावित चेहरों की तलाश में जुटने जा रही है। यह बदलाव केवल रणनीतिक नहीं, बल्कि संगठनात्मक सोच में बड़े परिवर्तन का संकेत माना जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार पार्टी ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि 60 वर्ष से अधिक आयु वाले नेताओं और लगातार तीन बार पार्षद रह चुके चेहरों को इस बार प्राथमिकता मिलना मुश्किल होगा। भाजपा नेतृत्व मानता है कि लंबे समय से एक ही चेहरों पर निर्भर रहने से स्थानीय राजनीति में ठहराव आता है, इसलिए अब संगठन ऐसे युवाओं को आगे बढ़ाना चाहता है जो जनता के बीच सक्रिय हों और आधुनिक राजनीतिक शैली को समझते हों।

दिलचस्प बात यह है कि इस बार सोशल मीडिया और डिजिटल प्रभाव भी टिकट का बड़ा आधार बनने जा रहा है। इंटरनेट मीडिया पर सक्रियता, फॉलोअर्स की संख्या, जनता से डिजिटल संवाद और ऑनलाइन पकड़ को उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया में अहम माना जाएगा। भाजपा का मानना है कि बदलते दौर में वही नेता प्रभावी साबित होगा जो जमीन के साथ-साथ डिजिटल मंचों पर भी मजबूत उपस्थिति रखता हो।

पार्टी ने संभाग और जिला प्रभारियों की जिम्मेदारी भी तय कर दी है। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने क्षेत्रों में ऐसे युवाओं की पहचान करें जो संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय होने के साथ जनता के बीच लोकप्रिय भी हों। इन नामों को आगे बढ़ाकर भविष्य के नेतृत्व के रूप में तैयार किया जाएगा।

राजनीतिक विश्लेषकों की नजर में भाजपा का यह प्रयोग आने वाले समय में प्रदेश की शहरी राजनीति का चेहरा बदल सकता है। खासतौर पर तब, जब सरकार ने निकाय अध्यक्षों के चुनाव को फिर से प्रत्यक्ष प्रणाली से कराने का फैसला लिया है। यानी अब जनता सीधे अपने महापौर और अध्यक्ष चुनेगी। ऐसे में पार्टी ऐसे चेहरों की तलाश में है जिनकी पकड़ केवल संगठन तक सीमित न होकर सीधे मतदाताओं तक हो। भाजपा का यह नया फॉर्मूला साफ संकेत देता है कि आने वाले निकाय चुनाव केवल अनुभव के आधार पर नहीं, बल्कि लोकप्रियता, सक्रियता और डिजिटल प्रभाव के दम पर लड़े जाएंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News