एमपी में बच्ची से सामूहिक दुष्कर्म! तीन युवकों ने बारी-बारी की दरिंदगी, मासूम का हाल देख चीख उठी मां...
Wednesday, May 06, 2026-02:15 PM (IST)
सीधीः मध्य प्रदेश के सीधी जिले में इंसानियत तार-तार हुई है। जहां एक घर के आंगन में सो रही बच्ची का अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म किया गया। आरोप है कि तीन युवकों ने उसे जंगल में ले जाकर बारी-बारी दरिंदगी की। मासूम का हाल देखकर मां चीख उठी। मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पीड़िता का मेडिकल कराया गया है। रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि हुई है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक नाबालिग किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया है। बताया गया कि पीड़िता अपने घर के आंगन में अपनी मां के साथ सो रही थी। इस दौरान गांव निवासी तीन युवकों ने नाबालिग का मुंह दबाया और उसे जबरन उठाकर पास के जंगल की ओर ले गए। यहां तीनों आरोपियों ने बारी-बारी से किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। रात भर दरिंदगी का शिकार बनाने के बाद, सुबह होते ही आरोपी पीड़िता को बदहवास हालत में छोड़कर फरार हो गए। घटना 2 मई की रात की बताई गई है।
पीड़िता बदहवास हालत में घर पहुंची और मां को आपबीती सुनाई। घटना की जानकारी पर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। इसी दौरान मां अपनी बेटी को लेकर थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया। रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि हुई। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। जबकि दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। वहीं, इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश है और लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त सजा की मांग कर रहे हैं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लग सके।

