शादी से लौट रहीं 2 किशोरियों से गैंगरेप, 7 युवकों ने बारी-बारी से की दरिंदगी
Wednesday, Apr 29, 2026-12:52 PM (IST)
सरगुजा: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। शादी समारोह से लौट रहीं दो नाबालिग किशोरियों के साथ 7 युवकों ने गैंगरेप कर इंसानियत को शर्मसार कर दिया। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। जानकारी के अनुसार, 24 अप्रैल की रात चार नाबालिग सहेलियां पास के मोहल्ले में एक शादी समारोह में शामिल होने गई थीं। रात करीब 10 बजे जब वे वापस अपने घर लौट रही थीं, तभी हाईस्कूल के पास 5 से 6 बाइक पर सवार करीब 12 युवकों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने जबरन लड़कियों को पकड़ लिया।
एक किशोरी मौके से भाग निकली, जबकि बाकी तीन को दबोच लिया गया। आरोपियों ने एक किशोरी को बाइक पर बैठाकर खेत की ओर ले जाकर चार युवकों ने गैंगरेप किया। वहीं दूसरी नाबालिग के साथ हाईस्कूल मैदान के पास ही तीन युवकों ने दरिंदगी की। तीसरी किशोरी ने हिम्मत दिखाते हुए चलती बाइक से छलांग लगा दी और खेतों के रास्ते भागकर अपनी जान बचाई। आरोपी करीब 2 किलोमीटर तक उसका पीछा करते रहे, लेकिन वह बचने में सफल रही।
पीड़िताएं देर रात किसी तरह घर पहुंचीं। डर और सदमे की वजह से उन्होंने तुरंत परिजनों को कुछ नहीं बताया। अगले दिन एक पीड़िता ने परिवार को पूरी घटना बताई, जिसके बाद परिजन थाने पहुंचे। आरोप है कि पुलिस ने उसी समय न तो एफआईआर दर्ज की और न ही मेडिकल जांच कराई।
पीड़िताओं को अगले दिन फिर थाने बुलाया गया।
26 अप्रैल को एक पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने प्रियांशु खलखो, आशीष, राहुल और एक अन्य आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 70(2) और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया। हालांकि दूसरी पीड़िता के मामले में अब तक FIR दर्ज नहीं होने से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं..

