Punjab Kesari MP ads

3 बहनों के शादी में परसा मातम, बारातों के साथ आए DJ ऑपरेटरों के विवाद में युवक की हत्या, बिन फेरे के लौटी बारात

Monday, Apr 20, 2026-09:15 PM (IST)

रतलाम (समीर खान): रतलाम जिले के ताल कस्बे में रविवार रात तीन बहनों के शादी समारोह की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब डीजे बजाने को लेकर हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हालात ऐसे बने कि तीनों दुल्हनों के फेरे तक नहीं हो सके और बारातें बिना दुल्हन के ही लौट गईं।

जानकारी के अनुसार, ताल में एक ही परिवार की तीन बेटियों की शादी थी, जिसमें अलग-अलग गांव—रूनीजा, बसाड़ और उणी से बारातें आई थीं। रात करीब साढ़े 9 बजे तीनों बारातें एक साथ आगे-पीछे चल रही थीं। इसी दौरान बसाड़ और उणी से आए डीजे ऑपरेटरों के बीच प्रतिस्पर्धा को लेकर विवाद शुरू हो गया।

जब बारात धर्मशाला पहुंची और दूल्हे तोरण की रस्म निभा रहे थे, उसी दौरान दोनों पक्षों के डीजे ऑपरेटर माइक पर एक-दूसरे के खिलाफ अपशब्द कहने लगे। बसाड़ की बारात के डीजे संचालक माखन (निवासी मंदसौर) द्वारा कथित रूप से गाली-गलौज की जा रही थी, जिसका मोहल्ले के दिलीप माली ने विरोध किया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।

विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट शुरू हो गई। बीच-बचाव करने पहुंचे दिलीप के भाई सुनील माली और मोहल्ले के समरथ पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया। आरोप है कि माखन ने दिलीप के पेट में चाकू से वार किया, जबकि उसके साथी ने लोहे के पाइप से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल ताल स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से दिलीप की हालत नाजुक होने पर उसे रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

एएसपी विवेक कुमार के अनुसार, ताल पुलिस ने मुख्य आरोपी माखन सहित 3-4 लोगों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। एक आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

इस हृदयविदारक घटना के बाद शादी समारोह पूरी तरह से रुक गया और तीनों बेटियों की बारातें बिना फेरे के ही लौट गईं। परिजनों ने बताया कि मृतक दिलीप की शादी करीब डेढ़ माह पहले ही हुई थी। सोमवार सुबह आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने ताल थाने पहुंचकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Desh Raj

Related News