सेल्फी के चक्कर में नदी में उतरी दो लड़कियां, फिर जो हुआ देख साथियों के उड़े होश(Video)
7/24/2020 6:25:11 PM
छिंदवाड़ा(साहुल सिंह): मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में सेल्फी का प्यार दो लड़कियों के लिए जान की आफत बन गया। परफेक्ट सेल्फी लेने की कोशिश में दोनों लड़कियां पेंच नदी के बीच में पत्थर पर जाकर बैठ गईं। इसी बीच अचानक नदी में पानी का बहाव तेज हो गया और दोनों नदी में ही फंस गई। उनके साथ गई सहेलियों के यह देख हाथ-पैर फूल गए। उन्होंने पुलिस और स्थानीय प्रशासन को इसकी सूचना दी। पंचायत सचिव के सहयोग और पुलिस एवं प्रशासन की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन कर दोनों को सुरक्षित नदी से निकाला गया।
घटना छिंदवाड़ा के जुन्नारदेब तहसील के बेलखेड़ी गांव की पेंच नदी के तेज बहाव वाले इलाके में हुई। जहां 8 लड़कियों का समूह पिकनिक मनाने के लिए पहुंचा था। जुन्नारदेव डूंगरिया की वार्ड नंबर 3 में रहने वाली मेघा जवारेकर व वार्ड नंबर 2 की वंदना त्रिपाठी नदी में फंसी थीं। उनको इस हालत में देख उनके साथ गई युवतियों ने पुलिस व प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन कर उन्हें नदी से बाहर निकाला गया।