फिर सस्ता हुआ सोना, चांदी भी लुढ़की! उतार-चढ़ाव के बाद कीमतों में बड़ी गिरावट, देखें ताजा रेट

Friday, Mar 06, 2026-08:59 PM (IST)

एमपी डेस्क: दिन भर उतार चढ़ाव के बाद  सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानि शुक्रवार (6 मार्च) को सोने-चांदी की कीमतों में शाम होते होते भारी गिरावट दर्ज की गई है। ये बदलाव पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के चलते देखने को मिल रहा है। शुक्रवार सुबह कारोबार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई, लेकिन दिन के अंत तक दोनों कीमती धातुओं के दाम में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है।

सोने के दाम में 1,835 रुपये की गिरावट

इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक कारोबार समाप्त होने तक 24 कैरेट सोना 1,835 रुपये टूटकर 1,58,751 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया।
इसके अलावा:

  • 22 कैरेट सोना: 1,45,416 रुपये प्रति 10 ग्राम
  • 18 कैरेट सोना: 1,19,063 रुपये प्रति 10 ग्राम

दिनभर में आई इस गिरावट से निवेशकों और सर्राफा कारोबारियों के बीच हलचल देखी गई।

चांदी में भी बड़ी गिरावट

सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी तेज गिरावट दर्ज की गई। दिनभर के कारोबार में चांदी 3,489 रुपये गिरकर 2,60,723 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। इससे पहले पिछले कारोबारी सत्र में चांदी 2,64,212 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।

क्यों आया कीमतों में उतार-चढ़ाव

विश्लेषकों के अनुसार हाल के दिनों में सोना-चांदी की कीमतों में तेज बढ़ोतरी के बाद निवेशकों ने मुनाफावसूली (प्रॉफिट बुकिंग) की, जिससे घरेलू बाजार में गिरावट देखने को मिली। हालांकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सुरक्षित निवेश (सेफ हेवन) की मांग के चलते कीमती धातुओं को समर्थन मिलता रहा। वैश्विक बाजार में:

  • हाजिर सोना 14.70 डॉलर (0.29%) बढ़कर 5,095.81 डॉलर प्रति औंस
  • चांदी 1.4% बढ़कर 83.40 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती दिखी।

पश्चिम एशिया तनाव का असर

व्यापारियों का कहना है कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण निवेशक सुरक्षित निवेश की ओर रुख कर रहे हैं। यही वजह है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों को सहारा मिल रहा है, जबकि घरेलू बाजार में मुनाफावसूली के कारण अस्थिरता बनी हुई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News