Petrol-diesel prices: ईरान-इजरायल युद्ध का पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर असर! जानें आज के ताजा रेट

Monday, Mar 02, 2026-04:13 PM (IST)

भोपाल : ईरान इजरायल के बीच कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल आया है। इसी कड़ी में देशभर में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी होने की अटकलों ने आम जनता की टेंशन बढ़ा दी है। मध्य प्रदेश की बात करें तो प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की कीमतें केंद्र और राज्य सरकार के टैक्स ढांचे पर निर्भर करती हैं। यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में लंबे समय तक तेजी बनी रहती है, तो राज्य में भी कीमतों में क्रमिक बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

जानें भोपाल में पेट्रोल-डीजल के आज के रेट

वहीं प्रदेश की बात करें तो राजधानी भोपाल में आज Petrol -106.52  और Diesel-91.89 पैसे प्रति लीटर हैं। हालांकि आने वाले दिनों में ईरान-इजरायल के बीच छिड़े युद्ध का असर देखने को मिल सकता है और इसमें 10-15 रुपए या इससे अधिक की बढ़ोतरी हो सकती है।

क्या होगा असर

डीजल महंगा होने पर सबसे पहले परिवहन लागत बढ़ती है। इसका असर भोपाल, इंदौर, ग्वालियर जैसे शहरों के थोक बाजारों पर पड़ सकता है, जहां बाहर से आने वाली सब्जियां, अनाज और उपभोक्ता वस्तुएं महंगी हो सकती हैं। ग्रामीण इलाकों में डीजल की कीमतें खेती-किसानी और सिंचाई लागत को भी प्रभावित करती हैं।

सरकार की भूमिका और संभावित रणनीति

अक्सर देखा गया है कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में अचानक उछाल आता है, तो केंद्र और राज्य सरकारें टैक्स में कटौती या समायोजन के जरिए उपभोक्ताओं को राहत देने की कोशिश करती हैं। खासकर जब महंगाई पहले से ऊंची हो, तब राजनीतिक और आर्थिक संतुलन बनाए रखना चुनौती बन जाता है।

यदि संघर्ष सीमित दायरे में रहता है और तेल आपूर्ति बाधित नहीं होती, तो कीमतों में आई तेजी अस्थायी हो सकती है। लेकिन यदि हालात गंभीर होते हैं, तो मध्य प्रदेश समेत पूरे देश में ईंधन दरों में स्थायी बढ़ोतरी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

आम लोगों पर क्या होगा असर?

पेट्रोल-डीजल की कीमतें केवल वाहन चालकों तक सीमित मुद्दा नहीं हैं। ईंधन महंगा होने पर ट्रांसपोर्ट लागत बढ़ती है, जिससे खाद्य पदार्थ, निर्माण सामग्री और रोजमर्रा की चीजें महंगी हो सकती हैं। इसका सीधा असर मध्यमवर्ग और ग्रामीण आबादी की जेब पर पड़ता है।

फिलहाल बाजार अनिश्चितता के दौर में है। विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि घबराहट के बजाय अंतरराष्ट्रीय हालात और सरकारी फैसलों पर नजर रखना ही समझदारी होगी। आने वाले दिनों में युद्ध की दिशा तय करेगी कि मध्य प्रदेश में पेट्रोल-डीजल की कीमतें कितनी और कब तक प्रभावित होंगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News