Punjab Kesari MP ads

दतिया में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव के लिए ग्वालियर प्रशासन का बड़ा फैसला, जारी किए आदेश

Tuesday, Jul 28, 2026-02:13 PM (IST)

ग्वालियर (अंकुर जैन) : दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए ग्वालियर प्रशासन ने अहम फैसला लिया है। दतिया विधानसभा क्षेत्र से लगे ग्वालियर जिले के सीमावर्ती इलाके की सभी शराब दुकानों को 30 जुलाई तक बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।

दतिया विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-22 के उपचुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से ग्वालियर कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी रुचिका चौहान ने आदेश जारी किया है। आदेश के तहत दतिया विधानसभा क्षेत्र से लगे ग्वालियर जिले के तीन किलोमीटर सीमावर्ती क्षेत्र में संचालित सभी देशी और विदेशी शराब दुकानें तथा अन्य अनुज्ञप्ति प्राप्त मदिरा केंद्र अस्थायी रूप से बंद रहेंगे।

प्रशासन के अनुसार 28 जुलाई की शाम 6 बजे से लेकर 30 जुलाई को मतदान समाप्त होने तक संबंधित क्षेत्र में ड्राई डे घोषित किया गया है। इस दौरान शराब की बिक्री, खरीद, परिवहन, भंडारण और अवैध कारोबार पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।

कलेक्टर ने आबकारी, पुलिस और संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि आदेश का सख्ती से पालन कराया जाए। प्रशासन का कहना है कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था रोकने और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News