भीषण गर्मी का कहर! 30 अप्रैल तक स्कूल बंद, आदेश जारी
Saturday, Apr 25, 2026-07:07 PM (IST)
ग्वालियर। जिले में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधा को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर रुचिका चौहान ने प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 8वीं तक के सभी स्कूलों में 30 अप्रैल तक अवकाश घोषित कर दिया है।
जारी आदेश के अनुसार, यह निर्णय जिले के सभी शासकीय, अशासकीय, एमपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई, केंद्रीय विद्यालय तथा शासन से मान्यता प्राप्त सभी विद्यालयों पर लागू होगा। तेज गर्मी और लू के बढ़ते खतरे को देखते हुए छोटे बच्चों को राहत देने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
हालांकि कक्षा 9वीं से 12वीं तक की कक्षाएं पूर्ववत सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक संचालित होती रहेंगी। वहीं शासन द्वारा पूर्व निर्धारित परीक्षाएं एवं अन्य आवश्यक शैक्षणिक कार्यक्रम तय समय-सारिणी के अनुसार ही आयोजित किए जाएंगे।
जिला शिक्षा अधिकारी हरिओम चतुर्वेदी ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए सभी स्कूल प्रबंधन को निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा है। भीषण गर्मी के बीच प्रशासन के इस फैसले से अभिभावकों और विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिली है।

