Punjab Kesari MP ads

लिव-इन रिलेशनशिप का खौफनाक अंत! महिला पार्टनर को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया

Wednesday, Jun 03, 2026-05:12 PM (IST)

छतरपुर (राजेश चौरसिया): जिले के चंदला थाना क्षेत्र के गुड़ा खुर्द गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही एक महिला की पेट्रोल डालकर आग लगाने के बाद मौत हो गई। गंभीर रूप से झुलसी महिला का ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल के बर्न वार्ड में उपचार चल रहा था, जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार गुड़ा खुर्द निवासी 34 वर्षीय मनोज कुशवाहा पिछले चार-पांच वर्षों से पुष्पा अहिरवार के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। दोनों का एक बच्चा भी है। परिजनों के अनुसार 17 मई 2026 को घर में खाना बनाने को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि जब पुष्पा ने सब्जी बनाने के लिए तेल मांगा तो मनोज ने उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। जबकि आरोपी मौके पर फरार हो गया। घटना के बाद गंभीर रूप से झुलसी महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए ग्वालियर रेफर किया गया। वहीं, उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतका की बहन संगीता अहिरवार ने आरोपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मनोज के साथ रह रही पुष्पा तीसरी महिला थी और इससे पहले भी उसकी दो पत्नियों की मौत आग से जलने की घटनाओं में हुई थी। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है और पुलिस इस संबंध में जांच कर रही है। मृत्यु से पहले पुष्पा का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उसने अपने पार्टनर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वीडियो की सत्यता और परिस्थितियों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।

एसडीओपी नवीन दुबे और थाना प्रभारी श्रद्धा शुक्ला ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मनोज कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक तौर पर उसके खिलाफ धारा 109 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की धाराएं जोड़ी जाएंगी। फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News