"भारत माता की जय नहीं बोलना चाहती तो चीन-इटली जाए कांग्रेस", BJP विधायक की कांग्रेस को बड़ी नसीहत
Monday, Jul 20, 2026-02:11 PM (IST)
रायपुरः छत्तीसगढ़ राज्य की राजनीति में से एक अहम खबर सामने आ रही है। जहां भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने कांग्रेस को बड़ी नसीहत दी है। उन्होंने कहा कि भारत माता का सम्मान करने वाले ही देश में शासन करेंगे। कहा कि अगर कांग्रेस भारत माता की जय नहीं बोलना चाहती, तो कांग्रेस भारत में क्यों है? कांग्रेस को चीन या इटली चले जाना चाहिए।
बता दें कि संसद के मानसून सत्र के पहले ही दिन केंद्र सरकार राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के अपमान या उसे गाने में बाधा डालने को एक आपराधिक अपराध बनाने के लिए राज्यसभा में नया विधेयक पेश करेगी। जिस पर भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने कांग्रेस पर तीखा हमला किया है। इसके अलावा भाजपा विधायक ने कांग्रेस के बिजली बिल अभियान पर भी तंज कसा है। पुरंदर मिश्रा ने कहा कि करूं भी मैं और कराऊं भी मैं, यही कांग्रेस का कृत्य है।
भाजपा विधायक ने कांग्रेस पर छत्तीसगढ़ की जनता को लूटने का आरोप लगाया है। साथ ही ये आरोप लगाया कि कांग्रेस जनता के सामने विष्णुदेव साय सरकार की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रही है। दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंह देव लगातार एक साथ दौरे पर हैं। जिस पर विधायक पुरंदर मिश्रा ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि 2018 में हनीमून की सरकार बनी, फिर उनका तलाक हो गया। अब एक बार फिर दोनों हनीमून मना रहे हैं।

