Punjab Kesari MP ads

BJP सांसद के एथेनॉल वाले बयान पर जीतू पटवारी का पलटवार, बोले- शुद्ध पेट्रोल उपलब्ध नहीं हो रहा है तो सरकार से सवाल किया जाना चाहिए

Monday, Aug 10, 2026-04:10 PM (IST)

छिंदवाड़ाः मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा के एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को लेकर दिए गए बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि सांसद के बयान से केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर सवाल खड़े हुए हैं और इसके लिए उन्हें धन्यवाद देना चाहिए। पटवारी सोमवार को छिंदवाड़ा में कांग्रेस के दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने पहुंचे हैं।

इस दौरान मीडिया से चर्चा में उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता से कई वादे किए थे। उन्होंने सवाल किया कि क्या दो करोड़ रोजगार देने का वादा पूरा हुआ, क्या पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का वादा पूरा हुआ और क्या भारत को दुनिया में विश्व गुरु बनाने का दावा पूरा हुआ। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं के बयानों से अब सरकार की नीतियों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। यदि सांसद जनार्दन मिश्रा यह कह रहे हैं कि एथेनॉल मिलाना मजबूरी है और शुद्ध पेट्रोल उपलब्ध नहीं हो रहा है तो इसके लिए भी सरकार से सवाल किया जाना चाहिए।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि एथेनॉल के नाम पर लोगों को गुमराह किया गया और उनके साथ धोखा हुआ है। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की गाड़ियों को लेकर भी शिकायतें सामने आ रही हैं। पटवारी ने कहा कि सरकार ने जो कहा वह किया नहीं और जो किया वह जनता के लिए धोखा साबित हुआ। उन्होंने कहा कि इसी वजह से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा के बयान के लिए उनका धन्यवाद किया जाना चाहिए, क्योंकि उनके बयान से सरकार की नीतियों को लेकर कांग्रेस को सवाल उठाने का मौका मिला है।

छिंदवाड़ा में सोमवार से शुरू हुए कांग्रेस के दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव हरीश चौधरी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और पूर्व सांसद नकुलनाथ भी शामिल हो रहे हैं। शिविर में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर चर्चा की जा रही है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News