‘BJP को अब नरोत्तम मिश्रा पर भी भरोसा नहीं, इसलिए भरोसेमंदों को हटाया' दतिया में जीतू पटवारी का बड़ा हमला
Tuesday, Jul 28, 2026-04:00 PM (IST)
दतिया : दतिया विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के अंतिम दौर में सियासी आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। कांग्रेस और भाजपा ने अपना चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। सीएम मोहन यादव के समेत, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह और अन्य मंत्री भी चुनाव प्रचार में ताक झोंक रहे हैं। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस भी भाजपा पर हमलावर नजर आ रही है। तीसरी पार्टी असपा की बात करें तो प्रत्याशी दामोदर यादव के पक्ष में चंद्र शेखर आजाद ने दतिया में प्रचार किया। इसी बीच कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने बीजेपी पर तीखा हमला बोलते हुए पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के नाम पर पार्टी को घेरा।
जीतू पटवारी ने कहा कि दतिया में हाल ही में पुलिस विभाग में 6 से 7 थाना प्रभारियों के तबादले किए गए, जबकि किसी भी थानेदार के खिलाफ कोई शिकायत नहीं थी। उनका आरोप है कि सिर्फ इसलिए अधिकारियों को हटाया गया क्योंकि उन्हें डॉ. नरोत्तम मिश्रा का करीबी माना जाता था।
पटवारी ने दावा किया कि इससे साफ है कि बीजेपी को अब डॉ. नरोत्तम मिश्रा पर भी भरोसा नहीं रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी जगह ऐसे अधिकारियों को लाया गया है जो चुनाव के दौरान सत्ता के इशारे पर काम करेंगे। पटवारी ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस वाहनों का इस्तेमाल पैसे और शराब पहुंचाने के लिए किया जा सकता है।

