नरोत्तम मिश्रा को BJP देगी बड़ी जिम्मेदारी? चुनाव प्रभारी के बयान से MP की राजनीति में मची हलचल
Thursday, Jul 16, 2026-05:26 PM (IST)
दतिया। मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे राजनीतिक हलचल भी तेज होती जा रही है। भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी रणनीति को धार देने के लिए अपने वरिष्ठ नेताओं को मैदान में उतार दिया है। इसी बीच दतिया के चुनाव प्रभारी और ग्वालियर सांसद भरत सिंह कुशवाहा के एक बयान ने पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के राजनीतिक भविष्य को लेकर नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
कुशवाहा ने भरोसा जताया कि दतिया में भाजपा की जीत तय है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने संगठन के अनुभवी और जमीनी कार्यकर्ता आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है, जिसका सकारात्मक असर कार्यकर्ताओं के बीच साफ दिखाई दे रहा है। उनके अनुसार, संगठन पूरी तरह एकजुट होकर चुनाव अभियान में जुटा हुआ है।
नरोत्तम मिश्रा की भूमिका पर दिया बड़ा संकेत
पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के हाल ही में मंच पर भावुक होने को लेकर पूछे गए सवाल पर भरत सिंह कुशवाहा ने कहा कि वर्षों तक किसी क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले नेता का जनता और कार्यकर्ताओं से भावनात्मक रिश्ता बन जाना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि डॉ. मिश्रा ने मंच से अपने मन की बात कही थी, लेकिन साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से आशुतोष तिवारी के समर्थन में पूरी ताकत से जुटने की अपील भी की है।
कुशवाहा ने दावा किया कि डॉ. नरोत्तम मिश्रा भारतीय जनता पार्टी के अनुशासित और अनुभवी नेताओं में शामिल हैं। पार्टी ऐसे नेताओं की क्षमता का हमेशा सम्मान करती है और आने वाले समय में संगठन उनकी योग्यता के अनुरूप उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी जरूर देगा। इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में उनकी नई भूमिका को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।
दिग्गज नेताओं ने संभाली चुनावी कमान
भाजपा ने दतिया उपचुनाव को प्रतिष्ठा का मुकाबला मानते हुए कई वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी है। उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा सहित कई बड़े नेता लगातार क्षेत्र में डेरा डाले हुए हैं और चुनावी रणनीति पर नजर बनाए हुए हैं। पार्टी का दावा है कि संगठन और कार्यकर्ताओं की एकजुटता के दम पर दतिया में कमल खिलना तय है।

