Punjab Kesari MP ads

ओरछा में इमरती देवी का CM वाला बयान वायरल, कृष्णा गौर से बोलीं- ‘रामराजा सरकार मुख्यमंत्री बना दें’

Sunday, Aug 30, 2026-11:00 PM (IST)

ओरछा। मध्य प्रदेश की राजनीति में अपने बेबाक अंदाज और चर्चित बयानों के लिए पहचानी जाने वाली पूर्व मंत्री इमरती देवी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। ओरछा में बीजेपी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के दौरान उनका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह प्रदेश की मंत्री कृष्णा गौर से मुलाकात के दौरान उन्हें गले लगाती नजर आ रही हैं। इसी दौरान इमरती देवी ने ऐसा वाक्य कह दिया, जिसने राजनीतिक चर्चाओं को हवा दे दी है।

दरअसल, ओरछा में आयोजित बीजेपी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी पहुंचे थे। इसी दौरान कृष्णा गौर वहां पहुंचीं तो इमरती देवी ने मुस्कुराते हुए उनका स्वागत किया और उन्हें गले लगा लिया। बातचीत के दौरान इमरती देवी ने कहा कि काफी दिनों बाद मुलाकात हुई है। इसके बाद उन्होंने भगवान रामराजा सरकार का नाम लेते हुए कृष्णा गौर के मुख्यमंत्री बनने की बात कह दी।

इमरती देवी की इस टिप्पणी पर कृष्णा गौर कुछ पल के लिए रुकीं। दोनों के बीच थोड़ी बातचीत हुई और फिर कृष्णा गौर मुस्कुराते हुए वहां से आगे बढ़ गईं। मुलाकात का यही वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो वायरल होते ही शुरू हुई सियासी चर्चा

इमरती देवी का यह बयान ऐसे समय सामने आया है, जब ओरछा में बीजेपी की प्रदेश कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक चल रही है। यही वजह है कि उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, इमरती देवी ने यह बात किस संदर्भ में कही, इसे लेकर कोई आधिकारिक राजनीतिक दावा सामने नहीं आया है। इमरती देवी को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की करीबी और समर्थक नेताओं में गिना जाता है। वह इससे पहले भी अपने बेबाक बयानों के कारण कई बार राजनीतिक सुर्खियां बटोर चुकी हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News