सीवर में जान गंवाने वाले दिवंगत सफाई कर्मचारियों के परिजनों से मिले महापौर, सौंपे 30–30 लाख के चेक

Tuesday, Mar 03, 2026-07:22 PM (IST)

इंदौर (सचिन बहरानी) : मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के निर्देश पर आज महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने चोइथराम अस्पताल के पास हुई दुखद घटना में दिवंगत नगर निगम कर्मचारियों करण यादव एवं अजय डोडिया के निवास पर पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात की और दोनों परिवारों को 30–30 लाख की अनुग्रह सहायता राशि के चेक प्रदान किए। इस दौरान म.प्र. सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष प्रताप करोसिया, स्वच्छता प्रभारी अश्विनी शुक्ला, भाजपा जिला उपाध्यक्ष भारत पारख, महापौर प्रतिनिधि (विधानसभा–4) रमेश खत्री तथा नगर निगम के अपर आयुक्त आशीष पाठक उपस्थित रहे।

परिजनों से मिलकर महापौर भार्गव भावुक हो उठे और कहा कि दुःख की इस घड़ी में नगर निगम का पूरा परिवार आपके साथ खड़ा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा जिस संवेदनशीलता से अनुग्रह सहायता की घोषणा की गई थी, उसे आज आपके हाथों में सौंपा जा रहा है। महापौर ने कहा कि यह परिवार नगर निगम परिवार हैं। परिवार की इच्छा अनुसार आउटसोर्सिंग के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा और सफाई संघ सहित पूरा निगम प्रशासन हर संभव सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेगा।

महापौर ने यह भी स्पष्ट किया कि नगर निगम अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों के हितों के संरक्षण के लिए पूर्ण प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी किसी भी प्रकार की आवश्यकता पर तत्परता से सहायता प्रदान की जाएगी।

पुष्यमित्र भार्गव नहीं मनाएंगे होली और गैर

इंदौर महापौर भागीरथपुरा की घटना से दुखी होकर इस बार होली और गैर नहीं मनाने का ऐलान किया है। रंग पंचमी के अवसर पर इंदौर में परंपरागत निकलने वाली गैर एवं होली के अवसर पर इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव यह दोनों त्यौहार नहीं मनाएंगे। महापौर ने मंगलवार को बताया कि कुछ समय पहले दुर्भाग्य से भागीरथपुरा जल कांड में 30 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी। इसी घटना से दुखी होकर इस बार उन्होंने होली पर्व ना मानने का निश्चय किया है। साथ ही यह भी कहा है कि इस बार परंपरागत गैर जिस तरह से निकलते आ रही है उसी परंपरा के अनुसार निकलेंगे जिसमें नगर निगम का समूचा अमला गैर के आगे और पीछे साफ सफाई के लिए मौजूद रहेगा और गैर की समाप्ति के बाद इंदौर की सड़कों को पहले की तरह चकाचक कर दिया जाएगा। मैं इंदौर की गैर में देश-विदेश से आने वाले लोगों का स्वागत करता हूं और सभी को बधाई देता हूं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News