Punjab Kesari MP ads

इंदौर में Metro की शुरुआत, 17 KM के नए रूट पर दौड़ी ट्रेन; 6 सितंबर से आम यात्रियों को मिलेगी सुविधा

Saturday, Sep 05, 2026-08:36 PM (IST)

इंदौर। (सचिन बहरानी): मध्य प्रदेश के में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी के लिए दिए गए योगदान की खुलकर तारीफ की। साथ ही पश्चिम बंगाल में सरकार बनाने के लिए किए गए प्रयासों की भी सराहना की। इंदौर में शनिवार को 2,850 करोड़ रुपये की लागत से तैयार करीब 17 किलोमीटर लंबे मेट्रो के विस्तारित चरण का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू और मध्यप्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने हरी झंडी दिखाकर मेट्रो सेवा की शुरुआत की। कार्यक्रम के शुभारंभ के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समेत तमाम अतिथियों ने बापट स्टेशन से मेट्रो में सफर भी किया।

दरअसल, इंदौर के गांधी नगर से मालवीय नगर चौराहे तक करीब 17 किलोमीटर लंबे रूट पर अब इंदौर मेट्रो दौड़ेगी। इस रूट पर कुल 16 स्टेशन बनाए गए हैं। इनमें गांधी नगर, सुपर कॉरिडोर-6, सुपर कॉरिडोर-5, सुपर कॉरिडोर-4, सुपर कॉरिडोर-3, सुपर कॉरिडोर-2, सुपर कॉरिडोर-1, एमआर-10, बापट चौराहा, पलासिया, एमजी रोड, रेलवे स्टेशन, गीता भवन, रिंग रोड, खजराना और मालवीय नगर चौराहा शामिल हैं।

नए रूट के शुरू होने से शहर के प्रमुख इलाकों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी। साथ ही भविष्य में एयरपोर्ट और शहर के अन्य हिस्सों तक मेट्रो नेटवर्क के विस्तार का रास्ता भी आसान होगा। इस कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ शहर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में किया गया, जहां मौजूद अतिथियों ने रिमोट का बटन दबाकर ट्रेन को रवाना किया। इसके बाद मंच से संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इंदौर में मेट्रो का दायरा लगातार बढ़ रहा है। पहले मेट्रो शहर के बाहरी हिस्सों तक सीमित थी, लेकिन अब इसका विस्तार शहर के भीतर तक हो रहा है। आने वाले समय में मेट्रो नेटवर्क को और आगे बढ़ाया जाएगा।

PunjabKesari

वहीं, नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इंदौर मेट्रो के मौजूदा स्वरूप को लेकर अपने पिछले कार्यकाल और कांग्रेस सरकार के दौरान हुए बदलाव का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनके पिछले कार्यकाल में मेट्रो को शहर के बाहर से गुजारने की योजना तैयार की गई थी, लेकिन बीच में आई कांग्रेस सरकारl ने उस प्लान में बदलाव कर मेट्रो को शहर के बीच से गुजारने की योजना बनाई।

विजयवर्गीय ने कहा कि इंदौर की खूबसूरती और शहर की पहचान को बरकरार रखने के लिए अब अंडरग्राउंड मेट्रो का प्लान तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में शहर के भीतर अंडरग्राउंड मेट्रो के विस्तार से यातायात व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और मेट्रो इंदौर के लिए बड़ी सौगात साबित होगी।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भी इंदौर मेट्रो को शहर के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि भारत तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और मेट्रो जैसी आधुनिक परिवहन परियोजनाएं शहरों की कनेक्टिविटी और विकास को नई रफ्तार दे रही हैं।

वहीं, खट्टर ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी के लिए दिए गए योगदान की खुलकर तारीफ की। साथ ही पश्चिम बंगाल में सरकार बनाने के लिए किए गए प्रयासों की भी सराहना की। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री खट्टर विधायक मधु वर्मा के नाम को लेकर कुछ देर के लिए असमंजस में भी नजर आए। उन्होंने मंच से पूछा कि इन्हें 'श्री' कहना है या 'श्रीमती'। इसके बाद विधायक मधु वर्मा को खड़े होकर स्थिति स्पष्ट करनी पड़ी।

अब शुभारंभ के बाद 6 सितंबर से आम यात्री टिकट लेकर मेट्रो में सफर कर सकेंगे। मेट्रो के मालवीय नगर तक पहुंचने से शहर के व्यस्त इलाकों को तेज और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी। मेट्रो प्रबंधन को भी उम्मीद है कि विस्तारित रूट शुरू होने के बाद यात्रियों की संख्या और फुटफॉल में इजाफा होगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News