जबलपुर का छात्र पीएम मोदी के साथ बैठकर देखेगा चंद्रयान-2 की लैंडिंग
Wednesday, Sep 04, 2019-11:09 AM (IST)

जबलपुर: जबलपुर का स्कूली छात्र सिदक छाबड़ा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ बैठकर चंद्रयान-2 की लैंडिंग देखेगा। चंद्रयान-2 जब 7 सितंबर को चंद्रमा पर उतरेगा तो पीएम नरेन्द्र मोदी बेंगलुरु मे इसरो स्पेस सेंटर में बैठकर उन गौरवशाली पलों को देखेंगे। इसके लिए इसरो ने विशेष व्यवस्था भी की है। इस मौके के लिए इसरो ने देशभर के कुछ मेधावी छात्रों को चुना है, और सिदक भी उनमें से एक है।
दरअसल, मोदी के साथ स्पेस क्विज जीतने वाले देशभर के 50 बच्चों और उनके माता-पिता को इसरो ने आमंत्रित किया है। सिदक 10वीं का छात्र है। वह शहर के स्मॉल वंडर्स स्कूल में पढ़ता है।इसरो और my gov ने देशभर से छात्रों को चुनने के लिए क्विज का आयोजन किया था। इस ऑनलाइन क्विज में जीतने वाले छात्रों को पीएम मोदी के साथ चंद्रयान की लैंडिंग देखने का मौका मिल रहा है। सिदक ने 10 मिनट में मैक्सिमम सवालों का सही जवाब दिया था। इसरो और my gov ने सबसे पहले और सबसे ज़्यादा सही जवाब देने वाले छात्रों को चुना।
पीएम मोदी से मिलना सपने की तरह, सिदक
सिदक बहुत उत्साहित हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिलना उन्हें सपने की तरह लग रहा है। उतना ही महत्वपूर्ण अनुभव चंद्रयान-2 की चंद्रमा पर लैंडिंग अपनी आंखों से देखने का होगा। सिदक पीएम मोदी से मिलने को लेकर इतने खुश है कि उन्होंने वकायदा इस बात की तैयारी भी कर ली है जिसमें अगर उन्हें पीएम के साथ बातचीत का मौका मिलेगा तो वो रोजगार और विकास के बारे में अपनी बात मोदी के सामने रखेंगे।