MP में छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी खबर, सरकार ने छात्रवृति में की बढ़ोतरी
Monday, Jun 29, 2026-06:34 PM (IST)
भोपाल : मध्यप्रदेश शासन के जनजातीय कार्य विभाग ने वर्ष 2026-27 के लिए छात्रावास एवं आश्रमों में निवासरत अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति की दरों में वृद्धि कर दी है। नई दरें एक जुलाई 2026 से प्रभावी होंगी। आधिकारिक जानकारी के अनुसार जनजातीय कार्य विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार जनजातीय विद्यार्थियों की बेहतर शिक्षा के लिए लगातार निर्णय ले रही है।
उन्होंने बताया कि राज्य शासन ने निर्णय लिया है कि अनुसूचित जनजाति छात्रावासों और आश्रमों में निवासरत छात्र-छात्राओं की छात्रवृत्ति की दरें प्रत्येक वर्ष मार्च माह के उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के आधार पर निर्धारित की जाएंगी और जुलाई में छात्रावास एवं आश्रम प्रारंभ होने से लागू होंगी। जारी आदेश के अनुसार वर्ष 2026-27 के लिए छात्रावास एवं आश्रमों में रहने वाले बालक विद्यार्थियों को 1720 रुपये प्रतिमाह तथा बालिका विद्यार्थियों को 1770 रुपये प्रतिमाह छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।

