दिग्गज नेता के इस्तीफे पर गरमाई सियासत, कांग्रेस पर बरसे कैलाश विजयवर्गीय
Saturday, Jul 04, 2026-06:27 PM (IST)
इंदौर। (सचिन बहरानी): मध्य प्रदेश के इंदौर में प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने एक साथ कई बड़े राजनीतिक और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव राकेश यादव के इस्तीफे के बाद पार्टी की अंदरूनी कलह को उजागर बताया और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के बयान का भी हवाला दिया। वहीं, गुजरात एटीएस की देवास में हुई कार्रवाई को सही ठहराते हुए कहा कि प्रतिबंधित आतंकी संगठन सिमी का मध्य प्रदेश में पुराना नेटवर्क रहा है और खंडवा, देवास तथा महिदपुर इसके स्लीपर सेल के प्रमुख केंद्र रहे हैं। उन्होंने कहा कि गुजरात एटीएस ने सशक्त कार्रवाई की है। साथ ही रेवती रेंज के दौरे के दौरान "एक पेड़ मां के नाम" अभियान और क्षेत्र के विकास कार्यों पर भी चर्चा की।
प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इंदौर में कई राजनीतिक और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस और प्रतिबंधित आतंकी संगठन सिमी को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव राकेश यादव के इस्तीफे के बाद लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस की अंदरूनी कलह अब खुलकर सामने आ रही है। विजयवर्गीय ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के उस बयान का भी हवाला दिया, जिसमें कांग्रेस की हार के लिए पार्टी के अंदरूनी कारणों का उल्लेख किया गया था।
वहीं, गुजरात एटीएस की देवास में हुई कार्रवाई का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित आतंकी संगठन सिमी (स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया) का मध्य प्रदेश में पुराना नेटवर्क रहा है और खंडवा, देवास तथा महिदपुर इसके प्रमुख ठिकाने रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और गुजरात एटीएस की प्रभावी कार्रवाई से आतंकियों के नेटवर्क पर लगातार प्रहार हो रहा है और प्रदेश में उन्हें पनपने नहीं दिया जाएगा।
इस दौरान मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने रेवती रेंज का दौरा कर क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा भी की। उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी इंदौर में "एक पेड़ मां के नाम" अभियान व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। रेवती रेंज के संरक्षण और विकास को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई तथा पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि शहर के हर नागरिक को इस अभियान से जोड़ते हुए अधिक से अधिक पौधारोपण कराया जाएगा।

