कमलनाथ ने BJP पर साधा निशाना, कहा - 5 महीने से आशा-ऊषा कार्यकर्ताओं को वेतन नहीं मिला, यह सरकार की अक्षमता और असंवेदनशीलता की हद है
Thursday, Jun 05, 2025-12:07 PM (IST)

भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भाजपा पर निशाना साधा है और सोशल मीडिया पर लिखा है कि शर्मनाक ! 5 महीने से आशा-ऊषा कार्यकर्ताओं को वेतन नहीं मिला, यह सरकार की अक्षमता और असंवेदनशीलता की हद है। हमारी आशा और ऊषा कार्यकर्ताएं वो मेहनती बहनें हैं, जो गाँव-गाँव जाकर माताओं और बच्चों की जान बचाती हैं, स्वास्थ्य सेवाओं को आखिरी छोर तक पहुँचाती हैं, लेकिन इस अंधी और बहरी सरकार मे पिछले 5 महीने से बिना वेतन के काम कर रही हैं।
क्या यही सम्मान है जो हमारी सरकार इन नारी शक्तियों को दे रही है?
इन बहनों ने दिन-रात मेहनत की, गर्मी, बारिश, और हर मुश्किल का सामना किया, लेकिन सरकार ने इनके परिवारों को भूखा मारने की ठान ली है। 5 महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण इनके बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे, घर का राशन खत्म हो रहा है, और ये बहनें हर दिन अपमान और लाचारी झेल रही हैं। ये कैसी सरकार है? जो अपनी जिम्मेदारियों को भूल चुकी है? जो मेहनतकश महिलाओं की मेहनत का मोल नहीं समझती? ये सिर्फ लापरवाही नहीं, बल्कि क्रूरता है।
मुख्यमंत्री जी,
क्या यही है आपका “नारी सशक्तिकरण”? क्या यही है सरकार का “लाड़ली प्रेम”?
शर्म करो, सरकार !
मैं सरकार से आग्रह करता हूँ कि तुरंत आशा-ऊषा कार्यकर्ताओं का वेतन दो। इनका हक दो। इनके परिवारों को भूखा मत मारो। अगर ऐसा नहीं हुआ, तो हम चुप नहीं रहेंगे। हम सड़कों पर उतरेंगे, और इन बहनों के हक के लिए लड़ेंगे। ये अपमान बर्दाश्त नहीं होगा।