Punjab Kesari MP ads

नगर पालिका चुनाव को लेकर कांग्रेस का बड़ा प्लान, 20 वार्डों में तैनात किए चुनाव प्रभारी, देखें किसे मिली जिम्मेदारी

Friday, Sep 18, 2026-02:27 PM (IST)

खैरागढ़। आगामी नगरीय निकाय चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने खैरागढ़ नगर पालिका क्षेत्र में संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने की कवायद तेज कर दी है। पार्टी ने चुनावी तैयारियों को वार्ड स्तर तक पहुंचाते हुए नगरपालिका के सभी 20 वार्डों के लिए चुनाव प्रभारियों की नियुक्ति की है। वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग वार्डों की जिम्मेदारी देकर संगठन और स्थानीय कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर जोर दिया गया है। इसी सिलसिले में खैरागढ़ में कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा की मौजूदगी में आगामी नगर पालिका चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठनात्मक चर्चा हुई। वार्डों में पार्टी की गतिविधियों को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं से नियमित संपर्क बनाए रखने और स्थानीय स्तर पर चुनावी तैयारियों को गति देने को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।

हर वार्ड में संगठन को सक्रिय करने की योजना

शहर कांग्रेस कमेटी की ओर से नियुक्त किए गए चुनाव प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करने और संगठन की गतिविधियों को सक्रिय रखने की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी का फोकस अब केवल शहर स्तर की गतिविधियों तक सीमित न रहकर प्रत्येक वार्ड में संगठन की मौजूदगी मजबूत करने पर है।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अरुण भारद्वाज के अनुसार, वार्डवार जिम्मेदारियां प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा और जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल साहू के मार्गदर्शन में तय की गई हैं। उनका कहना है कि जिम्मेदारियां स्पष्ट होने से चुनावी तैयारियों को वार्ड स्तर पर अधिक व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

इन नेताओं को मिली वार्डों की जिम्मेदारी

कांग्रेस ने कई वरिष्ठ नेताओं को दो-दो वार्डों का प्रभार सौंपा है। नियुक्तियों के अनुसार धनेश वर्मा को वार्ड 1 पुराना पिपरिया और वार्ड 2 नया पिपरिया की जिम्मेदारी दी गई है। वार्ड 3 गंजीपारा और वार्ड 4 राजफेमली का प्रभार केशव सिंह संभालेंगे।

इसी तरह वार्ड 5 ठाकुरपारा और वार्ड 6 बरेठपारा की जिम्मेदारी कन्हैया बैस को मिली है, जबकि वार्ड 7 गोल बाजार और वार्ड 8 तुरकारीपारा का प्रभार सुनीलकांत पांडेय को सौंपा गया है। इसके अलावा वार्ड 9 इतवारी बाजार और वार्ड 11 धरमपुरा की जिम्मेदारी जितेंद्र सिंह गौर को दी गई है। वार्ड 10 लालपुर और वार्ड 20 सिविल लाइन-खम्हरिया का प्रभार भीखमचंद छाजेड़ को मिला है।

वार्ड 12 अमलीपारा और वार्ड 14 सोनेसरार की जिम्मेदारी गुलाब चोपड़ा संभालेंगे। वहीं वार्ड 13 धनेली और वार्ड 15 अमलीडीह का प्रभार नीलेन्द्र शर्मा को दिया गया है। वार्ड 16 दाऊचौरा देवांगनपारा और वार्ड 17 दाऊचौरा सारथीपारा की जिम्मेदारी नासिर मेमन को मिली है। जबकि वार्ड 18 अंबेडकर वार्ड-शिव मंदिर मार्ग और वार्ड 19 गोकुल नगर-टिकरापारा का प्रभार पं. मिहिर झा को सौंपा गया है।

कार्यकर्ताओं से सीधा संपर्क रखने पर जोर

बैठक के दौरान विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने नवनियुक्त प्रभारियों से अपने-अपने वार्ड में सक्रिय भूमिका निभाने को कहा। स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ लगातार संवाद बनाए रखने और संगठन से जुड़े कार्यों को गति देने पर विशेष जोर दिया गया।

कांग्रेस की इस वार्डवार व्यवस्था का उद्देश्य चुनाव से पहले संगठन की गतिविधियों को जमीनी स्तर तक मजबूत करना है। पार्टी ने स्थानीय कार्यकर्ताओं की भागीदारी और प्रभारियों के समन्वय को आगामी चुनावी तैयारियों का अहम हिस्सा बनाया है। नगर पालिका चुनाव की तैयारियों के बीच अब कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी अपने-अपने वार्डों में संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाएंगे। इससे खैरागढ़ में आने वाले दिनों में चुनावी हलचल और तेज होने की संभावना है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News