अधिकारियों और कर्मचारियों का अवकाश 10 जून तक प्रतिबंधित,इस वजह से रोक,कलेक्टर आदेश जारी
Wednesday, Apr 15, 2026-07:48 PM (IST)
(कांकेर):कलेक्टर ने एक महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। दरअसल जनगणना कार्य के चलते 10 जून तक अवकाश को प्रतिबंधित कर दिया गया है। जनगणना 2027 को सुचारू एवं समयबद्ध रूप से सम्पन्न कराने के मकसद से कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी ने इससे सम्बद्ध अधिकारियों और कर्मचारियों का अवकाश पर प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी किया है।
10 जून तक रहेगी छुट्टियों पर रोक
इस आदेश के अनुसार जिले के सभी मास्टर ट्रेनर्स, फील्ड ट्रेनर्स, प्रगणकों, पर्यवेक्षकों और जनगणना कार्य में सम्बद्ध अधिकारी-कर्मचारियों के अवकाश 15 अप्रैल से 10 जून तक प्रतिबंधित कर दिया गया है। विशेष परिस्थितियों को छोड़कर ये आदेश लागू रहेगा। इस समय के दौरान किसी भी अधिकारी और कर्मचारियों को बिना अनुमति के मुख्यालय छोड़ने की भी अनुमति नहीं होगी।
विशेष परिस्थितियों में ही जिला स्तर के मास्टर ट्रेनर्स, फील्ड ट्रेनर्स एवं जनगणना कार्य में सम्बधित अधिकारी-कर्मचारियों के लिए कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी , पर्यवेक्षकों और इस कार्य में सम्बद्ध कर्मचारियों को संबंधित अनुविभागीय जनगणना अधिकारी द्वारा अवकाश स्वीकृत किया जाएगा।
इसके साथ ही अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि जनगणना के दौरान नागरिकों से ली जाने वाली जानकारी बिलकुल गोपनीय रहेगी, और तो और ये सूचना के अधिकार के दायरे में भी नहीं आएगी। इसके साथ ही नागरिकों को यह सुविधा भी दी है कि वे खुद यानि की (सेल्फ-एन्यूमरेशन) के माध्यम से ऑनलाइन अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं।
जनगणना के प्रथम चरण में लोगों से 33 बिंदुओं पर जानकारी ली जाएगी, जिसमें मकान, सुविधाएं, संसाधन और परिवार से जुड़ी अहम जानकारियां शामिल हैं। लिहाजा जनगणना कार्य के चलते 10 जून तक अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश प्रतिबंधित कर दिए गए हैं।

