Punjab Kesari MP ads

रशियन गर्ल की मजबूरी का उठाया फायदा, लोकल युवक ने वीडियो बनाकर की आपत्तिजनक हरकत, मचा बवाल

Saturday, Apr 18, 2026-12:46 PM (IST)

ग्वालियर: मध्यप्रदेश के ऐतिहासिक शहर Gwalior से एक बेहद शर्मनाक और चर्चा में आया मामला सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा भड़का दिया। ग्वालियर किले पर घूमने आई एक रूसी महिला पर्यटक के साथ एक स्थानीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने मजाक के नाम पर अश्लील हरकत कर दी। आरोपी ने महिला की भाषा न समझ पाने की मजबूरी का फायदा उठाया और आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

जानकारी के अनुसार, रूस से आए पर्यटकों का एक समूह पहले Agra घूमने के बाद ग्वालियर पहुंचा था। दोपहर के समय यह दल Gwalior Fort की ऐतिहासिक सुंदरता का आनंद ले रहा था। इसी दौरान स्थानीय इन्फ्लुएंसर राधे गुर्जर वहां पहुंचा और विदेशी महिला से बातचीत शुरू की।

महिला हिंदी भाषा से पूरी तरह अनजान थी। आरोपी ने इसी बात का फायदा उठाते हुए उसे अपनी सोशल मीडिया रील में शामिल होने के लिए तैयार कर लिया। वीडियो में युवक महिला के सामने रूसी शब्द का सहारा लेते हुए अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणी करता नजर आया। महिला उसकी बातों का अर्थ नहीं समझ पाई और सामान्य प्रतिक्रिया देते हुए अंगूठा दिखाकर ‘यस-यस’ कहती दिखाई दी।

इसके बाद आरोपी ने इस वीडियो को अपनी सोशल मीडिया आईडी से अपलोड कर दिया। वीडियो वायरल होते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे अतिथि देवो भव: की भावना का अपमान बताया और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
मामला बढ़ने पर Gwalior Police ने तुरंत संज्ञान लिया। जांच के बाद वीडियो बनाने वाले युवक राधे गुर्जर की पहचान कर उसे हिरासत में ले लिया गया। 

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत में कुछ लोग मर्यादा और कानून दोनों की सीमाएं पार करने से भी पीछे नहीं हटते।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News