राज्यसभा प्रत्याशी को लेकर सज्जन वर्मा का बड़ा बयान,बोले-हरल्ले नेताओं को न भेजें राज्यसभा, मेहनती कार्यकर्ताओं की छाती पर दलती है मूंग
Sunday, May 24, 2026-03:58 PM (IST)
(भोपाल): देश में 12 राज्यों की 26 राज्यसभा सीटों पर 18 जून को चुनाव होगा। चुनाव आयोग (EC) के तारीखों के ऐलान के बाद से ही हलचल तेज हो गई है। मध्य प्रदेश में भी इस चुनाव को लेकर बिसात बिछनी शुरु हो गई है। इसी कड़ी में कांग्रेस के पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने बीजेपी पर बड़ा हमला बोला है। सज्जन सिंह वर्मा ने भाजपा सांसदो कुरियन और मुरुगन को हरल्ले नेताओं की संज्ञा देते हुए कहा है कि एमपी से इनको राज्यसभा न भेजा जाए। सज्जन वर्मा ने कहा कि भाजपा हाईकमान यहां के मेहनती कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज करता है। बड़ा हमला बोलते हुए सज्जन वर्मा ने कहा कि मुरुगन और कुरियन जैसे नेता अपने प्रदेश में विधानसभा चुनाव हार चुके हैं, इसलिए बीजेपी को ऐसे हरल्लों नेताओं को राज्यसभा भेजने से बचना चाहिए
पूर्व मंत्री बोले- राज्यसभा एक पवित्र सदन, चुनाव ईमानदारी से हो
पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने चुनाव को लेकर भाजपा की चयन प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। सज्जन ने कहा कि राज्यसभा एक पवित्र सदन है लेकिन भाजपा को 'हॉर्स ट्रेडिंग' की आदत लग गई है। भाजपा मध्य प्रदेश को 'चारागाह' की तरह इस्तेमाल कर रही है। ऐसी चीजों से बचना नहीं चाहिए।
सज्जन सिंह वर्मा खास तौर से बाहरी नेताओं को मध्य प्रदेश से राज्यसभा भेजने का विरोध करते दिखे। कहा कि भाजपा हाईकमान यहां के मेहनती कार्यकर्ताओं को दोयम दर्जे का मानता है।
मुरुगन और कुरियन विधानसभा चुनाव हार चुके हैं, मध्य प्रदेश से ऐसे नेताओं को राज्यसभा भेजकर भाजपा अपने कार्यकर्ताओं की छाती पर मूंग दलने का काम कर रही है। मध्य प्रदेश से जमीन पर काम करने वाले नेता को भेजा चाहिए। आपको बता दें कि 21 जून को मध्य प्रदेश से तीन सांसदों का कार्यकाल खत्म हो रहा है। इनमें दिग्विजय सिंह, भाजपा के जॉर्ज कुरियन और सुमेर सिंह सोलंकी हैं। 18 जून को चुनाव हैं लेकिन अब सियासत गर्म होने के आसार है।

