MP में बड़ा हादसा! बच्चों से भरी स्कूल बस डंपर से टकराई, 7 छात्र घायल; मच गई चीख-पुकार
Wednesday, Sep 09, 2026-03:31 PM (IST)
भिण्डः मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के रौन क्षेत्र में बुधवार सुबह स्कूली बच्चों से भरी बस सड़क किनारे खड़े रेत से भरे डंपर में जा घुसी। हादसे में बस सवार सात बच्चे घायल हो गए। सभी घायलों को रौन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत सामान्य बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, रौन कस्बे में संचालित अमर ज्योति पब्लिक स्कूल की बस बच्चों को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग-552 से गुजर रही थी। गौरई कस्बे के पास सड़क किनारे रेत से भरा डंपर खड़ा था। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर डंपर से टकरा गई। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। घायल बच्चों अल्पेश राजावत (12), ऋषभ राजावत (11), सार्थक राजावत (6), अप्रांश (8), प्रद्युम्न (7), देव राजावत (6) और कीर्ति राजावत (12) को एंबुलेंस से रौन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
चिकित्सकों ने जांच के बाद सभी का प्राथमिक उपचार किया और किसी को गंभीर चोट नहीं होने की जानकारी दी। परिजनों और ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने से कुछ देर अफरातफरी का माहौल रहा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी जुटाई। बस चालक द्वारा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद स्कूली बसों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे हैं। बच्चों को ले जाने वाली बसों की फिटनेस, चालकों की दक्षता और सुरक्षा उपकरणों की नियमित जांच की आवश्यकता बताई जा रही है।

