MP में बड़ा हादसा! तेज रफ्तार गाड़ी खाई में पलटी, हुई 2 मौतें; 9 लोग घायल, मची अफरा-तफरी
Friday, Jun 05, 2026-12:57 PM (IST)
मैहरः मध्यप्रदेश के मैहर जिले में पहाड़ी गांव के निकट बड़ा हादसा हुआ है। जहां गुरूवार रात एक तेज रफ्तार गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 20 से 25 फीट नीचे गहरी खाई में गिर गई। घटना में दो लोगों की मौत की सूचना मिली है। जबकि नौ अन्य घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना मैहर जिले में पहाड़ी गांव के पास हुई है। यहां एक तेज रफ्तार बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के दौरान कार में 10 लोग सवार थे। घटना में भूपेन्द्र पटेल और आठ वर्षीय किशोरी जूली पटेल की मौके पर मौत हुई है। जबकि अन्य 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि गाड़ी सवार सभी लोग एक ही परिवार के है। परिवार अमरपाटन का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि सभी अपने किसी रिश्तेदार को मैहर रेलवे स्टेशन छोड़ने आए थे।
देर रात बोलेरो वाहन में सवार होकर वापस अपने घर अमरपाटन लौट रहे थे। तभी उनके साथ यह दर्दनाक हादसा हुआ है। हादसे में बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकाला। आनन-फानन में गंभीर घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।
घायलों की पहचान रीतू पटेल (उम्र 25 साल), हिमांशु पटेल पिता मुन्नालाल पटेल (उम्र 19 साल), वेदांत दाहिया पिता अमित दाहिया (उम्र 3 साल),अमित दाहिया, सुभद्रा पटेल, कल्पना पटेल, बिन्नू दाहिया के रूप में हुई है। सभी अमरपाटन के रहने वाले है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

