MP में बड़ा हादसा! 6 लोगों की दर्दनाक मौत, कई गंभीर घायल; श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 4-4 लाख की सहायता राशि मिलेगी
Saturday, May 30, 2026-11:00 AM (IST)
MP Accident News: मध्यप्रदेश के उमरिया जिले के बिरसिंहपुर पाली थाना क्षेत्र में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई है। घटना में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि लगभग 40 लोग घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पडनिया के लगभग 50 ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर बिजौरा में आयोजित पूजन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान अनूपपुर सीमा से लगे तिवनी गांव स्थित सनी धाम के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि ट्रॉली में सवार कई लोग उसके नीचे दब गए। घटना में 6 ग्रामीणों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि 40 से अधिक लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पाली अनुविभागीय अधिकारी, पुलिस और राजस्व विभाग का अमला मौके पर पहुंच गया। स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकालकर एंबुलेंस और अन्य वाहनों से पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। घायलों का उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल कई लोगों को जिला अस्पताल उमरिया तथा शहडोल रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
घटना में मृतकों की पहचान घनश्याम सिंह 45 वर्ष, भूपत सिंह 50 वर्ष निवासी पढमनिया, सहबल बैगा पिता गल्ली राम 55 वर्ष एवं बीर सिंह 60 वर्ष निवासी गिजरी के रूप में हुई है। वहीं, अनूपपुर कलेक्टर हर्षल पंचोली ने शहडोल मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायल मरीजों से मुलाकात की। कलेक्टर ने सभी घायलों के बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज प्रबंधन को निर्देश दिए हैं। इस हादसे में मृतकों के परिजन को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

