Punjab Kesari MP ads

राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के ये 4 दिग्गज रेस में सबसे आगे, सियासी हलचल तेज

Saturday, May 23, 2026-04:06 PM (IST)

भोपाल। भारत निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को राज्यसभा चुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया है। देश के 12 राज्यों की कुल 26 सीटों पर 18 जून को मतदान होगा। इनमें मध्यप्रदेश की 3 महत्वपूर्ण सीटें भी शामिल हैं, जिससे प्रदेश की सियासत में हलचल तेज हो गई है।

मध्यप्रदेश में जिन तीन राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल 21 जून को समाप्त हो रहा है, उनमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह, जबकि भाजपा की ओर से केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन और डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी शामिल हैं।

सूत्रों के अनुसार, दिग्विजय सिंह ने इस बार चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है। ऐसे में कांग्रेस के भीतर संभावित उम्मीदवारों को लेकर जोरदार मंथन शुरू हो गया है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, कमलेश्वर पटेल, अरुण यादव और सज्जन सिंह वर्मा जैसे बड़े नामों को रेस में माना जा रहा है।

इधर, कांग्रेस के लिए समीकरण और भी चुनौतीपूर्ण नजर आ रहे हैं। दतिया विधायक राजेंद्र भारती की विधानसभा सदस्यता समाप्त हो चुकी है, जबकि विजयपुर विधायक मुकेश मल्होत्रा मतदान प्रक्रिया में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। वहीं बीना विधायक निर्मला सप्रे के रुख को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है, जो भाजपा और कांग्रेस के बीच संतुलन साधती नजर आ रही हैं। ऐसे में क्रॉस वोटिंग की संभावनाएं भी राजनीतिक चर्चाओं को हवा दे रही हैं।

राज्यसभा चुनाव को लेकर मध्यप्रदेश में विधायकों की संख्या और संभावित वोटिंग पैटर्न पर सभी दलों की नजरें टिकी हुई हैं। आने वाले दिनों में उम्मीदवारों के नाम और रणनीति को लेकर तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News