Punjab Kesari MP ads

MP में बड़ा हादसा! यात्रियों से भरी बस में लगी भीषण आग, 45 लोग थे सवार; मची अफरा-तफरी

Monday, Jun 01, 2026-12:06 PM (IST)

ग्वालियर: मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले में आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर पनिहार रेलवे स्टेशन के समीप ग्वालियर से इंदौर जा रही एक स्लीपर वीडियो कोच बस में आग लग गई। घटना के समय बस में लगभग 45 यात्री सवार थे, मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, ग्वालियर से इंदौर जा रही बस में अचानक भीषण आग लगी है। देर रात करीब 11 बजे पनिहार रेलवे स्टेशन के पास पहुंचते ही बस के इंजन और पिछले हिस्से से धुआं निकलना शुरू हो गया। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और बस से ऊंची लपटें उठने लगीं। बस में धुआं भरते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चालक और परिचालक ने तत्काल बस को सड़क किनारे रोककर यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। आग तेजी से फैलने के कारण कुछ यात्रियों ने खिड़कियों के कांच तोड़कर बाहर निकलकर जान बचाई।

राहगीरों और बस कर्मियों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि आग से बस को भारी नुकसान पहुंचा है। घटना की सूचना मिलने पर पनिहार थाना पुलिस और दमकल दल मौके पर पहुंचे। सुरक्षा की द्दष्टि से कुछ समय के लिए राजमार्ग पर यातायात भी रोका गया। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सकिर्ट माना जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News