बड़ा हादसाः यात्री बस अनियंत्रित होकर पलटी, एक शिक्षिका की मौत व 22 लोग घायल; मची अफरा-तफरी
Monday, May 18, 2026-01:42 PM (IST)
CG Desk: छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में सोमवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है। जहां एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलटी है। घटना में एक महिला यात्री की मौत हो गई। जबकि 22 से अधिक यात्री घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, जिले के बस्तर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर रायपुर से जगदलपुर आ रही रॉयल ट्रैवल्स की यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई जिसमें एक महिला यात्री की मौत हो गई तथा 22 से अधिक यात्री घायल हो गए। बस में 35 से अधिक यात्री सवार थे। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हादसा चालक को अचानक झपकी आने की वजह से हुआ है। घटना के समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे।
हादसे में कबीरधाम जिले की निवासी पदमनी चंद्रवंशी की मौके पर ही मौत हो गई। जो सुकमा जिले के दोरनापाल में शिक्षिका के रूप में पदस्थ थीं। वहीं, एक महिला समेत 22 से अधिक यात्री घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। आसपास के ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। आनन-फानन में घायलों और शव को अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

