एमपी में बड़ा हादसा! तेज रफ्तार वाहन पेड़ से टकराया, पिता-पुत्र समेत 3 की मौत; मचा कोहराम
Tuesday, May 12, 2026-03:10 PM (IST)
भिंड (मध्यप्रदेश): मध्यप्रदेश के भिंड जिले में मंगलवार सुबह श्रद्धालुओं को ले जा रहा एक पिकअप वाहन पेड़ से टकरा गया, जिससे एक व्यक्ति और उसके बेटे समेत तीन लोगों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब साढ़े पांच बजे मौ-मेहगांव मार्ग पर स्थित प्राचीन दंदरौआ हनुमान मंदिर के पास हुआ।
मेहगांव के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) संजय कोचा ने बताया कि आठ लोगों को लेकर जा रहा पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया। हादसे में वाहन सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान ग्वालियर निवासी प्रीतम सिंह मांझी (55), उनके पुत्र सुनील (27) और उपेंद्र राणा (38) के रूप में हुई है। हादसे में घायल तीन अन्य लोगों का ग्वालियर के अस्पताल में उपचार चल रहा है।
सभी श्रद्धालु दंदरौआ हनुमान मंदिर के दर्शन के लिए आए थे और वहां से उत्तर प्रदेश में लगने वाले पशु मेले में जाने की तैयारी कर रहे थे। उन्होंने बताया कि वाहन में सवार एक महिला और एक बच्चा सुरक्षित हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है। कोचा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में वाहन की गति तेज होने और चालक के नियंत्रण खो देने की बात सामने आई है।

