यात्रियों से भरी बस में भीषण आग, 50 लोग थे सवार; मची अफरा-तफरी
Saturday, May 16, 2026-11:39 AM (IST)
शाजापुरः मध्यप्रदेश के शाजापुर जिले में यात्रियों से भरी बस में भीषण लगी है। बस इंदौर से ग्वालियर जा रही थी। हादसे के दौरान बस में करीब 50 लोग सवार थे। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जबकि चालक-परिचालक फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, यह घटना शाजापुर जिले के मक्सी थाना क्षेत्र में हुई है। जहां शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात एक बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। बस सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। लोगों ने खिड़कियों-दरवाजों से कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई। जबकि एक मासूम बस में जिंदा जल गया।
आरोप है कि बस चालक ने सवारियों को आग की सूचना नहीं दी। चालक-परिचालक दोनों आग देखते ही मौके पर फरार हो गए। घटना में बस पूरी तरह जलकर राख हुई है। लोगों का सारा सामान जलकर राख हुआ है। सूचना पर पहुंची दमकल और पुलिस की टीम ने किसी तरह आग पर काबू पाया। जांच में पता चला है कि शार्ट-सर्किट की वजह से आग लगी है।
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंचा। थाना प्रभारी रामचरण भदोरिया ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल शाजापुर भेज दिया है। फरार ड्राइवर और कंडक्टर की तलाश जारी है।

