कलेक्टर का बड़ा एक्शन! रिश्वतखोर पटवारी को सेवा से किया बर्खास्त, जमीन नामांतरण के लिए 3 हजार मांगी थी घूस
Wednesday, Jul 08, 2026-01:30 PM (IST)
MP desk: मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में इंदौर लोकायुक्त ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। यहां एक पटवारी को सरकारी सेवा से बर्खास्त कर दिया है। आरोप है कि पटवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया था। उसने जमीन नामांतरण के लिए 3 हजार रूपए घूस मांगी थी। बाद में विशेष न्यायालयों ने उन्हें कारावास और अर्थदंड की सजा सुनाई।
जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला खंडवा जिले के छायगांव माखन का है। यहां हल्का नंबर-34 में दिनेश जगताप पटवारी के रूप में पदस्थ थे। आरोप है कि पटवारी जमीन नामांतरण के लिए 3 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा है। मामले में शिकायतकर्ता सादिक शेख ने लोकायुक्त इंदौर में शिकायत दर्ज कराई। बताया कि उसने अपनी पत्नी के नाम एक प्लॉट खरीदा था। जिसके नामांतरण के लिए पटवारी के पास पहुंचा था। लेकिन, तभी उससे रिश्वत की मांग की गई।
लोकायुक्त ने शिकायत का सत्यापन कराने के बाद 16 सितंबर 2019 को आरोपी पटवारी को 500 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। मामले की सुनवाई के बाद विशेष न्यायालय, खंडवा ने 31 मार्च 2026 को आरोपी को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा-7 के तहत तीन वर्ष के कारावास और 15 हजार रुपए के अर्थदंड की सजा सुनाई। इसके बाद कलेक्टर खंडवा ने 13 मई 2026 को उसे सरकारी सेवा से बर्खास्त कर दिया।

